पाकिस्तान: बलूच विद्रोहियों का कहर, सुरक्षाबलों के काफिले पर सुसाइड अटैक, BLA का 90 जवानों की मौत का दावा
Balochistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सेना के काफिले पर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। यह हमला रविवार को उस समय हुआ जब सेना का काफिला क्वेटा से ताफ्तान जा रहा था। हमले में सात सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। इस हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है और सेना ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।
हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। संगठन ने दावा किया है कि इस हमले में 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, हालांकि सेना ने इस दावे को खारिज किया है। घटना के बाद पाकिस्तान सरकार और सेना ने आपात बैठक बुलाई और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

नोशकी में हुआ आत्मघाती हमला
यह हमला क्वेटा से करीब 150 किलोमीटर दूर नोशकी में हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, सेना का काफिला जब ताफ्तान जा रहा था, तभी अचानक एक आईईडी से भरा वाहन उसमें टकरा गया। पुलिस के अनुसार, यह आत्मघाती हमला था।
ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में पाकिस्तानी ट्रेन पर हमला, 450 से ज्यादा लोगों को बनाया बंधक, BLA ने ली जिम्मेदारी
नोशकी स्टेशन के एसएचओ जफुरुल्लाह सुलेमानी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि विस्फोटक से भरा वाहन जानबूझकर सेना के काफिले की एक बस से टकराया गया। धमाका इतना जोरदार था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सेना ने इलाके में बढ़ाई सुरक्षा
हमले के बाद पाकिस्तानी सेना ने इलाके में हेलिकॉप्टर और ड्रोन तैनात कर दिए हैं। सेना ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुग्टी ने इस हमले की निंदा करते हुए मारे गए सैनिकों के प्रति शोक व्यक्त किया है।
BLA ने हमले की जिम्मेदारी ली
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। BLA के मुताबिक, इस हमले को उनकी "मजीद ब्रिगेड" ने अंजाम दिया। संगठन का दावा है कि उनके लड़ाकों ने सेना के काफिले की एक बस को पूरी तरह से तबाह कर दिया और इसके बाद दूसरी बस पर भी हमला किया, जिसमें कई सैनिक मारे गए। BLA ने दावा किया कि इस हमले में 90 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
सेना और स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायल सैनिकों की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले की जांच जारी है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान ट्रेन हाइजैक में बड़ी तादाद में लोगों के मरने की आशंका, सरकार ने क्वेटा भेजे 200 से ज्यादा ताबूत












Click it and Unblock the Notifications