तमिलनाडु में BJP अध्यक्ष नजरबंद, 750 नेताओं को घरों में रोकने का आरोप, कार्तिगई दीपम पर इतना तनाव क्यों?

Karthigai Deepam: तमिलनाडु के मदुरै में कार्तिगई दीपम उत्सव से पहले धार्मिक विवाद ने सियासी और कानून-व्यवस्था का रूप ले लिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी जाने से रोकने की खबर है। पार्टी का आरोप है कि उसके और हिंदू मुन्नानी के करीब 750 पदाधिकारियों को चार दक्षिणी जिलों में घरों में नजरबंद किया गया है।

दूसरी तरफ राज्य सरकार ने सुरक्षा के लिए 5,618 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। विवाद की जड़ पहाड़ी पर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर धार्मिक दीप जलाने की मांग है। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को एक बार के लिए दीप जलाने की अनुमति दी है, लेकिन पूरे मामले में तनाव अब भी बना हुआ है।

Tamil Nadu BJP Chief Detained

बीजेपी का आरोप- 750 नेता घरों में रोके गए

तमिलनाडु बीजेपी की आईटी और सोशल मीडिया विंग के प्रदेश सचिव शक्ति कृष्णन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि पार्टी और हिंदू मुन्नानी के करीब 750 पदाधिकारियों को चार दक्षिणी जिलों में घरों से निकलने नहीं दिया जा रहा। उनके मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के घर के बाहर 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए। बीजेपी नेता राजसिम्हा और विनोज को भी पहाड़ी की ओर जाने से रोकने का आरोप लगाया गया है।

नैनार नागेंद्रन को पुलिस ने तिरुनेलवेली में उनके घर पर रोक दिया था। वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत दीप जलाने की व्यवस्था देखने मदुरै जा रहे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता एल मुरुगन को भी कोयंबटूर के पास अन्नूर में रोककर हिरासत में लिया गया। मुरुगन ने इसे अराजकता बताते हुए मद्रास हाई कोर्ट जाने की चेतावनी दी।

शक्ति कृष्णन ने विजय सरकार पर लोगों के पूजा के अधिकार में दखल देने का आरोप लगाया और पिछले साल दीपम विवाद के दौरान हुई गिरफ्तारियों से इसकी तुलना की। ध्यान रहे कि 750 लोगों को घरों में रोके जाने का आंकड़ा बीजेपी का दावा है, प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

मदुरै में 5,618 पुलिसकर्मी तैनात, धारा 163 लागू

तनाव को देखते हुए मदुरै में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीटीआई के हवाले से जारी सरकारी जानकारी के मुताबिक, दक्षिणी जिलों के 12 पुलिस अधीक्षकों की अगुवाई में 5,618 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पहाड़ी और आसपास के इलाकों में 70 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। संवेदनशील जगहों पर बम निरोधक दस्ते भी जांच कर रहे हैं।

मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत सभाओं, प्रदर्शन, जुलूस और सार्वजनिक बैठकों पर रोक है। पहाड़ी पर चढ़ने की भी अनुमति नहीं है। यह आदेश 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक लागू रहेगा। हालांकि, मंदिर प्रशासन के अधिकृत धार्मिक अनुष्ठानों, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने वाली गतिविधियों और दरगाह तक वैध पहुंच को छूट दी गई है। पुलिस ने 23 और 24 नवंबर को पहाड़ी और आसपास के इलाके को ड्रोन के लिए रेड जोन भी घोषित किया है।

मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों के साथ की बैठक

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सोमवार को चेन्नई में सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कानून मंत्री आर निर्मल कुमार, एडवोकेट जनरल विजय नारायण और पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल शामिल हुए। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के विकल्पों पर चर्चा हुई।

क्या है दीपथून विवाद?

विवाद तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर सिकंदर बदूशा दरगाह के पास मौजूद एक पुराने पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर दीप जलाने को लेकर है। हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं की मांग है कि कार्तिगई दीपम पर यहां पारंपरिक दीप जलाया जाए। यह विवाद तीन दशक से ज्यादा पुराना है।

नवंबर 2025 में तत्कालीन डीएमके सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर इस जगह दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी। श्रद्धालु राम रविकुमार की याचिका पर मद्रास हाई कोर्ट ने अनुष्ठान की अनुमति देने का निर्देश दिया। टीवीके सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने इस साल 24 नवंबर को एक बार के लिए दीप जलाने की इजाजत दी। अदालत ने साफ किया कि दीप केवल मंदिर की अधिकृत छोटी टीम जलाएगी। वहां आम लोगों की भीड़, जुलूस और नारेबाजी नहीं होगी। दरगाह और मस्जिद में नियमित पूजा और लोगों की वैध आवाजाही भी जारी रहेगी। अदालत ने यह भी साफ किया कि इस एक बार की अनुमति से भविष्य के लिए कोई स्थायी धार्मिक परंपरा या मालिकाना हक तय नहीं होगा।

विवाद पर कांग्रेस और AIADMK भी आमने-सामने

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने आरएसएस, हिंदू मुन्नानी और बीजेपी पर सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने की कोशिश का आरोप लगाया। बीजेपी ने राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका को अल्पसंख्यक तुष्टीकरण बताया। वहीं, एआईएडीएमके प्रवक्ता कोवाई सत्यन ने टीवीके सरकार पर डीएमके की राह पर चलने का आरोप लगाया।

मंदिर प्रशासन से जुड़े हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका भी दाखिल की है। सोमवार को इस पर सुनवाई नहीं हुई। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक अधिकृत टीम दीपथून पर दीप जला पाएगी या नहीं। सरकार के सामने अदालत के आदेश का पालन कराने के साथ मदुरै में शांति बनाए रखने की भी बड़ी चुनौती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+