'एक साल बीत गया, दुख कम नहीं हुआ', Dharmendra की पहली बरसी पर इमोशनल हुईं हेमा मालिनी, ये क्या हुआ?

Dharmendra Death Anniversary: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी भावुक हो गईं। आज 24 नवंबर 2026 को धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए एक साल हो गया है लेकिन उनके परिवार और करोड़ों फैंस के लिए उनकी यादें आज भी उतनी ही ताजा हैं। 89 साल की उम्र में मुंबई स्थित अपने आवास पर धर्मेंद्र ने अंतिम सांस ली थी। उनकी पहली बरसी पर हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए एक बेहद भावुक मैसेज लिखा है।

धर्मेंद्र की पहली बरसी पर इमोशनल हुईं हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में बताया कि धर्मेंद्र के जाने के बाद जिंदगी में आया खालीपन आज भी वैसा ही है। उनके लिए धर्मेंद्र सिर्फ जीवनसाथी नहीं बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक, प्रेरणा और उनकी पूरी दुनिया थे। अपने इस भावुक मैसेज में उन्होंने भगवद गीता की सीख का भी जिक्र किया और फैंस के प्यार के लिए आभार जताया।

Dharmendra

'एक साल बीत गया लेकिन दुख की तीव्रता कम नहीं हुई'

-हेमा मालिनी ने अपने एक्स हैंडल पर पति धर्मेंद्र को याद करते हुए चार तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा है कि एक साल गुजरने के बाद भी उनके दुख की गहराई में कोई कमी नहीं आई है। धर्मेंद्र उनके पति होने के साथ-साथ उनके सबसे करीबी दोस्त, मार्गदर्शक और प्रेरणा थे। उन्होंने अपनी जिंदगी में धर्मेंद्र के महत्व को बताते हुए लिखा कि वह उनकी ताकत थे और उनका अस्तित्व भी उन्हीं से जुड़ा था।

-हेमा मालिनी के इस मैसेज से साफ झलकता है कि धर्मेंद्र के जाने के बाद उनकी जिंदगी में कितना बड़ा बदलाव आया है। एक साथ बिताए सालों की यादें आज भी उनके दिल में उसी तरह बसी हुई हैं।

धर्मेंद्र के बिना जिंदगी में महसूस होता है खालीपन

-अपने भावुक नोट में हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के व्यक्तित्व और उनके स्वभाव को भी याद किया। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र के बिना जिंदगी बेहद खाली महसूस होती है। उनका शानदार व्यक्तित्व, सहज व्यवहार, नेकदिल स्वभाव और लोगों के प्रति प्यार उन्हें दूसरों से अलग बनाता था।

-हेमा मालिनी के मुताबिक इतनी बड़ी सफलता और लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद धर्मेंद्र हमेशा जमीन से जुड़े रहे। वह अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले और हर उस इंसान के साथ प्यार से पेश आए, जो उनके संपर्क में आया। यही खूबियां उन्हें एक महान कलाकार के साथ-साथ एक बेहतरीन इंसान भी बनाती थीं।

भगवद गीता की सीख का किया जिक्र

-धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी ने भगवद गीता के उस संदेश को भी याद किया, जिसमें आत्मा को अमर बताया गया है। उन्होंने लिखा कि आत्मा अमर है और पुनर्जन्म लेती है, इस बात पर उन्हें विश्वास है। लेकिन मौजूदा जीवन में वह धर्मेंद्र की प्यार भरी मौजूदगी को बहुत याद करती हैं।

-हेमा मालिनी के इस बयान ने फैंस को भी भावुक कर दिया। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक रही है। पर्दे पर ही नहीं, निजी जिंदगी में भी दोनों का रिश्ता लंबे समय तक लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।

फैंस के प्यार और यादों के लिए जताया आभार

हेमा मालिनी ने अपने मैसेज में धर्मेंद्र को याद करने वाले फैंस का भी दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों ने धर्मेंद्र को याद किया और उनके लिए प्यार भरे मैसेज भेजे। फैंस ने ये भी बताया कि धर्मेंद्र उनके जीवन में कितनी अहमियत रखते थे और उनकी फिल्मों और व्यक्तित्व ने किस तरह लोगों को प्रभावित किया। हेमा मालिनी ने सभी चाहने वालों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि धर्मेंद्र को इतना प्यार देने के लिए वह हमेशा ऋणी रहेंगी।

गांव से बॉलीवुड के ही-मैन बनने तक का सफर

-धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल था। उनके पिता केवल कृष्ण सिंह देओल स्कूल में शिक्षक थे। बचपन से ही फिल्मों के प्रति दिलचस्पी रखने वाले धर्मेंद्र ने साल 1960 में फिल्म 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था।

-इसके बाद धर्मेंद्र कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'शोले', 'सीता और गीता', 'मेरा गांव मेरा देश', 'चुपके-चुपके', 'प्रतिज्ञा', 'सत्यकाम', 'अनुपमा', 'यादों की बारात' और 'घायल' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया। एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और इमोशनल किरदारों में धर्मेंद्र ने अपनी अलग पहचान बनाई और बॉलीवुड के ही-मैन कहलाए।

धर्मेंद्र का परिवार और निजी जिंदगी

धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर से चार बच्चे हैं, जिनमें बेटे सनी देओल और बॉबी देओल के अलावा बेटियां विजेता और अजीता हैं। वहीं हेमा मालिनी से उनकी दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। धर्मेंद्र का परिवार हमेशा उनके लिए बेहद खास रहा और वह अपने बच्चों व परिवार के प्रति प्यार जाहिर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते थे।

आखिरी वक्त तक फिल्मों से जुड़े रहे धर्मेंद्र

-धर्मेंद्र ने उम्र बढ़ने के बावजूद फिल्मों से अपना रिश्ता नहीं तोड़ा। वह लगातार अभिनय करते रहे और नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ भी काम किया। 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'यमला पगला दीवाना', 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' और 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' जैसी फिल्मों में उनकी मौजूदगी ने साबित किया कि वह हर दौर के दर्शकों के पसंदीदा कलाकार रहे।

-बाद के सालों में वह मुंबई की भागदौड़ से दूर लोनावला स्थित अपने फार्महाउस पर समय बिताना पसंद करते थे। वहां खेती, प्रकृति और अपने सुकून भरे पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहते थे। उनकी आखिरी फिल्म 'इक्कीस' उनके निधन के बाद 1 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी।

-धर्मेंद्र भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी फिल्में, उनका अंदाज, उनकी मुस्कान और उनके निभाए किरदार हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे। उनकी पहली बरसी पर उन्हें याद करते हुए फैंस और परिवार एक बार फिर उस कलाकार को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, जिसने कई पीढ़ियों को अपने अभिनय से जोड़ा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+