Bengaluru Metro की कमाई से भी ज्यादा हुआ कर्ज का खर्च, क्या यात्रियों पर पड़ेगा 5% किराया बढ़ोतरी का बोझ?
Bengaluru Metro Ticket Price: बेंगलुरु में मेट्रो से सफर करने वालों की जेब पर एक बार फिर बोझ पड़ सकता है। रुपये की डॉलर और यूरो के मुकाबले कमजोरी ने नम्मा मेट्रो के विदेशी कर्ज को महंगा कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) का सालाना फाइनेंस खर्च उसकी कुल कमाई से भी आगे निकल गया है।
इसी दबाव के बीच फरवरी 2027 से किराये में 5 फीसदी बढ़ोतरी की चर्चा है। हालांकि, कर्नाटक सरकार के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने कहा है कि फिलहाल किराया बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने भविष्य में समय-समय पर समीक्षा की बात कही है। यानी अभी किराया बढ़ना तय नहीं है।

कमाई से ज्यादा हुआ कर्ज का खर्च
BMRCL के आंकड़ों के मुताबिक, 2024-25 में उसका फाइनेंस खर्च 560.91 करोड़ रुपये था। 2025-26 में यह बढ़कर 1,793.03 करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी एक साल में करीब 220 फीसदी की उछाल। इसकी बड़ी वजह विदेशी मुद्रा की दरों में बदलाव रहा। इस मद में खर्च 263.75 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,444 करोड़ रुपये हो गया।
दूसरी तरफ, 2025-26 में टिकट, गैर-टिकट और दूसरे स्रोतों से मेट्रो की कुल कमाई 1,624.62 करोड़ रुपये रही। मतलब, सिर्फ कर्ज से जुड़ा खर्च ही कुल आमदनी से करीब 168 करोड़ रुपये ज्यादा हो गया। 2019-20 के बाद पहली बार विदेशी कर्ज पर फाइनेंस खर्च इस स्तर तक पहुंचा है।
मेट्रो को इतना नुकसान क्यों हुआ?
BMRCL का शुद्ध घाटा 2024-25 के 1,405.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1,710.13 करोड़ रुपये हो गया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मेट्रो में यात्रियों की कमी या टिकट से कमाई गिरने की वजह से यह घाटा हुआ। टिकट से आमदनी बढ़ी है। असली दबाव कर्ज की लागत और विदेशी मुद्रा के उतार-चढ़ाव से आया है।
फाइनेंस कॉस्ट में कर्ज का ब्याज, लोन से जुड़ी फीस और विदेशी मुद्रा में बदलाव से होने वाला नुकसान शामिल होता है। इसमें मूल कर्ज की रकम यानी प्रिंसिपल का भुगतान शामिल नहीं होता। मेट्रो का निर्माण महंगा काम है। इसलिए BMRCL को विदेशी एजेंसियों से भी बड़े कर्ज लेने पड़ते हैं। केंद्र सरकार इन्हें पास-थ्रू असिस्टेंस के जरिए जारी करती है, लेकिन इनकी पूरी रकम लौटाने की जिम्मेदारी BMRCL की ही रहती है।
रुपये की कमजोरी से कैसे बढ़ा बोझ?
BMRCL विदेशी कर्ज पर ब्याज की देनदारी हर साल 31 मार्च की विनिमय दर से दर्ज करता है। भुगतान के समय वास्तविक दर अलग हो सकती है। रुपये के कमजोर होने से डॉलर और यूरो में लिए गए कर्ज की रुपये में कीमत बढ़ जाती है। सूत्रों के मुताबिक, 2025-26 में विदेशी कर्ज की प्रभावी लागत घरेलू कर्ज से भी ज्यादा हो गई। पहले विदेशी कर्ज सस्ता पड़ता था।
जैसे-जैसे मेट्रो की नई लाइनें चालू होती हैं, निर्माण के दौरान दर्ज ब्याज खर्च यानी इंटरेस्ट ड्यूरिंग कंस्ट्रक्शन (आईडीसी) को प्रॉफिट एंड लॉस खाते में शिफ्ट किया जाता है। इससे चालू मेट्रो नेटवर्क के खाते में फाइनेंस खर्च बढ़ जाता है।
केंद्र से मदद की मांग, 2028 तक बढ़ेगा कर्ज
कर्नाटक सरकार चाहती है कि केंद्र दिल्ली मेट्रो की तरह BMRCL के विदेशी मुद्रा नुकसान और नकदी घाटे में भी हिस्सेदारी करे। दिल्ली मेट्रो के सुरक्षा खर्च में भी केंद्र मदद करता है। राज्य का दावा है कि फेज-3 तक 77,891 करोड़ रुपये की मंजूर परियोजना लागत में उसका हिस्सा 65,291 करोड़ रुपये यानी 83.8 फीसदी होगा। वहीं, केंद्र की हिस्सेदारी 12,600 करोड़ रुपये यानी 16.2 फीसदी है।
इसके उलट बीजेपी सांसद एलएस तेजस्वी सूर्या का दावा है कि केंद्र का योगदान 41,558 करोड़ रुपये यानी 53.35 फीसदी है, जबकि राज्य का हिस्सा 36,333 करोड़ रुपये यानी 46.65 फीसदी है। इस केंद्रीय हिस्से में 28,958 करोड़ रुपये के सरकारी गारंटी वाले विदेशी कर्ज भी शामिल हैं, जिन्हें BMRCL को चुकाना है।
कर्नाटक ने विदेशी मुद्रा के उतार-चढ़ाव से बचने के लिए हेजिंग की सुविधा भी मांगी है। इसमें आज ही विनिमय दर तय कर भविष्य के नुकसान से बचने की कोशिश की जाती है। अनुमान है कि 31 मार्च 2028 BMRCL का बकाया कर्ज 56,087.49 करोड़ रुपये हो जाएगा।
गैर-टिकट कमाई बढ़ी, लेकिन दबाव बरकरार
राहत की बात यह है कि विज्ञापन, दुकानों और दूसरी गतिविधियों से होने वाली गैर-टिकट कमाई बढ़ रही है। यह 2024-25 के 54.97 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 88.51 करोड़ रुपये हो गई। 2026-27 में इसके 100 करोड़ रुपये पार करने की उम्मीद है।
फिर भी बढ़ते ब्याज, बिजली और कर्मचारियों पर खर्च के बीच किराये में 5 फीसदी बढ़ोतरी की चर्चा तेज है। सूत्रों ने चेताया है कि फरवरी 2027 में प्रस्तावित बढ़ोतरी लागू नहीं हुई तो BMRCL को परिचालन घाटा हो सकता है। फिलहाल यात्रियों को यह समझना होगा कि किराया बढ़ोतरी की बात सामने जरूर आई है, लेकिन सरकार की ओर से इसकी अंतिम मंजूरी नहीं दी गई है।




Click it and Unblock the Notifications
