श्रीकांत त्यागी के खिलाफ बुलडोजर एक्शन के बाद सोसायटी में मना जश्न, लोग बोले- देर आए, दुरुस्त आए
नोएडा, 08 अगस्त: नोएडा स्थित ओमैक्स सोसायटी में श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर योगी सरकार का बुलडोजर चल गया है। इस कार्रवाई के दौरान सोसायटी के लोगों की भीड़ लगी रही। सोमवार की सुबह अवैध निर्माण को पहले हथौड़े से तोड़ा गया। फिर बुलडोजर एक्शन में आया और अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। लोगों ने बुलडोजर एक्शन पर जमकर तालियां बजाईं। साथ ही कहा कि इससे श्रीकांत त्यागी जैसे लोगों का मनोबल टूटेगा।

लोगों ने बजाई तालियां श्रीकांत त्यागी ने ओमैक्स सोसाइटी में अपने घर के पीछे करीब 200 यार्ड में अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण करवा रखा था। बताया गया कि अवैध निर्माण को लेकर 2019 में सोसाइटी की तरफ से श्रीकांत त्यागी को एक नोटिस भी दिया गया था। हालांकि, इसके बाद भी अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। अब महिला के साथ बदसूली और गालियां देने का वीडियो वायरल हुआ और त्यागी के समर्थकों ने सोसाइटी में घुसकर महिला को धमकाना चाहा तो अथॉरिटी भी एक्शन मोड में आ गया। श्रीकांत त्यागी अब चौतरफा घिर गया है।
Recommended Video
सोसायटी के लोगों ने मनाया जश्न, कहा- इस कार्रवाई से हम बेहद खुश हैं...
नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स में रहने वाले लोगों ने श्रीकांत त्यागी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को तोड़े जाने के बाद जश्न मनाया। सोसायटी में रहने वाले एक बुजुर्ग ने कहा, ''मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नोएडा अथॉरिटी के सीईओ द्वारा की गई इस कार्रवाई से हम खुश हैं। हम उनके अवैध निर्माण और रवैये से परेशान थे।" बता दें, वीडियो वायरल होने के बाद से श्रीकांत त्यागी फरार है। पुलिस की कई टीमें त्यागी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को त्यागी की लास्ट लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में मिली है। पुलिस श्रीकांत त्यागी को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications