मिर्जापुर : अफसरों से पूछा How are you? तो पता चला डीएम साहब नहीं यह फर्जी आदमी है
मिर्जापुर के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार का फोटो एक व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप की प्रोफाइल पर लगा कर अधिकारियों को मैसेज भेजे जाने का एक मामला सामने आया है। इस मामले की जानकारी होने पर जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच
मिर्जापुर, 26 अगस्त: मिर्जापुर के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार का फोटो एक शख्स द्वारा व्हाट्सएप की प्रोफाइल पर लगा कर अधिकारियों को मैसेज भेजे जाने का एक मामला सामने आया है। इस मामले की जानकारी होने पर जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गई। वहीं जिलाधिकारी मिर्जापुर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि एक व्यक्ति व्हाट्सएप पर उनकी फोटो लगाकर फेक प्रोफाइल बनाकर एक शख्स अधिकारियों को मैसेज कर रहा है, मैसेज आने पर इसे ब्लॉक कर दें और स्क्रीनशॉट भी शेयर करें। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि नंबर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।

अधिकारियों से पूछा How are you? और कहां हैं
जिलाधिकारी की फोटो लगे व्हाट्सएप से अधिकारियों के व्हाट्सएप पर गुरुवार की सुबह में मैसेज आया। मैसेज में लिखा था How are you. तथा where are you at the moment? यह दोनों मैसेज जिले के एक अधिकारी के पास आज सुबह 8:58 बजे आए। उस अधिकारी ने इसका स्क्रीनशॉट बनाते हुए जिलाधिकारी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद महकमे में हड़कंप मच गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की जानकारी होने के बाद जिलाधिकारी द्वारा मिर्जापुर पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट किया गया। इस ट्वीट पर रिप्लाई देते हुए मिर्जापुर पुलिस द्वारा सीओ सिटी को जांच और कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। फिलहाल जिलाधिकारी का फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर मैसेज करने वाले मामले की जानकारी होने के बाद जिले में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications