बाबा सिद्दीकी की हत्या से जुड़ा लॉरेंस बिश्नोई का नाम, गिरफ्तार हुए अपराधियों ने किया गैंग से जुड़े होने का दावा
Baba Siddique: एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि तीसरा अपराधी मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों ने दावा किया है कि वे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं।
66 वर्षीय एनसीपी (NCP) नेता पर शनिवार रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर हमला किया गया था। बाबा सिद्दीकी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। हथियार से लैश तीन अपराधियों ने उनपर गोली चलाई और मौके से भागने लगे। आस पास मौजूद लोगों ने 2 अपराधियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया जबकि एक भागने में कामयाब रहा।
यह भी देखें: Baba Siddique Murder: कौन थे NCP के दिग्गज नेता बाबा सिद्धीकी? जिनकी महाराष्ट्र चुनाव से पहले कर दी गई हत्या

क्राइम ब्रांच सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपी, हरियाणा के कर्णैल सिंह और उत्तर प्रदेश के धर्मराज कश्यप ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि वे वर्तमान में जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग से जुड़े हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने यह भी दावा किया कि उन्होंने हत्या की तैयारी के लिए पिछले 25-30 दिनों से इलाके की रेकी की थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों आरोपी ऑटो-रिक्शा से गोलीबारी स्थल पर पहुंचे थे और कुछ समय तक वहां इंतजार करने के बाद सिद्दीकी पर गोली चलाई। पुलिस को संदेह है कि एक अन्य व्यक्ति, जो शूटरों को जानकारी दे रहा था, भी हत्या में शामिल था।
महाराष्ट्र के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल
बाबा सिद्दीकी, जिन्होंने विधानसभा में बांद्रा (पश्चिम) सीट से तीन बार प्रतिनिधित्व किया, मुंबई के एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति रहे हैं। उन्होंने 2004 से 2008 के बीच मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के तहत खाद्य और नागरिक आपूर्ति और श्रम मंत्री के रूप में सेवा की। इस साल फरवरी में, उन्होंने अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए।
सीएम शिंदे ने दिया कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जबकि विपक्ष ने कानून और व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाते हुए सरकार की आलोचना की। महाराष्ट्र में अजित पवार की एनसीपी और शिंदे की शिवसेना सत्तारूढ़ साझेदार हैं।
मुख्यमंत्री शिंदे ने इसे "गंभीर रूप से परेशान करने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण घटना" बताते हुए कहा, "मैंने पुलिस को निर्देश दिया है कि कानून और व्यवस्था बनाए रखें और इसे हल्के में न लें। उन्हें सबसे सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।"
अजित पवार ने हमले को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया और कहा, "हमने एक ऐसे नेता को खो दिया है जो अल्पसंख्यक समुदाय के लिए लड़े और धर्मनिरपेक्षता का समर्थन किया।"
विपक्ष ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने बताया कि सिद्दीकी को वाई-श्रेणी सुरक्षा मिली हुई थी, हत्या कानून और व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाती है। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि यह घटना "महाराष्ट्र में असफल कानून और व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती है।"
यह भी देखें: Baba Siddique ने ही करवाई थी सलमान-शाहरुख की फिर से दोस्ती, हत्या की खबर सुन गम में डूबे सल्लू भाई












Click it and Unblock the Notifications