अर्बन नक्सल पर स्ट्राइक! महाराष्ट्र में स्पेशल पब्लिक सिक्योरिटी बिल पास, फडणवीस-'लोकतंत्र की रक्षा का कानून'

Maharashtra Special Public Security Bill: महाराष्ट्र विधानसभा में पारित हुआ 'महाराष्ट्र विशेष सार्वजनिक सुरक्षा विधेयक, 2024' न केवल राज्य की कानून-व्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में एक अहम मोड़ है, बल्कि यह उस बढ़ती चुनौती का भी उत्तर है जो 'अर्बन नक्सलवाद' और संविधान विरोधी गतिविधियों के रूप में सामने आ रही है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा इसे "संविधान की रक्षा" का कदम बताया जाना इस बात का संकेत है कि सरकार अब उन संगठनों पर कानूनी शिकंजा कसने को तैयार है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था की आड़ में उसकी नींव को कमजोर करने का प्रयास करते हैं।

maharashtra-special-public-security-bill-passed

हालांकि, इस कानून को लेकर आशंकाएं भी हैं, जिन्हें दूर करने के लिए फडणवीस ने यह स्पष्ट किया है कि यह विधेयक लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार को किसी भी रूप में प्रभावित नहीं करेगा। आईए विस्तार से जानते हैं क्या है ये बिल, और क्यों हो रही है इसकी चर्चा....

क्या है इस नए विधेयक में?

मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में बताया कि वर्तमान में महाराष्ट्र में 64 वामपंथी उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं, जिनमें से 6 संगठन ऐसे हैं जिन्हें देश के अन्य राज्यों में पहले ही प्रतिबंधित किया जा चुका है। इन संगठनों के नाम भले ही लोकतांत्रिक प्रतीत होते हों, लेकिन उनका असली मकसद भारत के संविधान को चुनौती देना और लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करना है।

फडणवीस ने कहा, "हमने जंगलों और ग्रामीण इलाकों में सक्रिय नक्सली गतिविधियों को काफी हद तक समाप्त कर दिया है, लेकिन अब वे शहरी मोर्चों के ज़रिए अपना एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं।"

इसलिए, उनकी सरकार ने केंद्र के निर्देशों के तहत यह कानून लाने का निर्णय लिया, जिससे न केवल ग्रामीण, बल्कि शहरी नक्सलवाद और 'पैसिव मिलिटेंसी' (छिपा उग्रवाद) पर भी कानूनी शिकंजा कसा जा सके।

विधेयक में कानूनी सुरक्षा की व्यवस्था

फडणवीस ने स्पष्ट किया कि यूएपीए (Unlawful Activities Prevention Act) और मकोका (MCOCA) जैसे सख्त कानून इस प्रकार की गतिविधियों से निपटने में सीमित हैं। यूएपीए के तहत कार्यवाही तभी संभव है जब 'आतंकी गतिविधि' का स्पष्ट एंगल हो, जबकि मकोका व्यक्तियों पर केंद्रित होता है, न कि संगठनों पर।

फडणवीस ने आश्वासन दिया कि इस विधेयक का दुरुपयोग नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत:

  • किसी भी संगठन पर कार्यवाही करने से पहले न्यायाधीश की अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
  • डीआईजी स्तर के अधिकारी को एक बोर्ड के समक्ष अपना पक्ष रखना होगा।
  • यह बोर्ड एक सेवारत या सेवानिवृत्त हाई कोर्ट जज, एक जिला जज, और अन्य सदस्यों से मिलकर गठित होगा।
  • बोर्ड की अनुमति मिलने के बाद ही किसी संगठन पर कार्यवाही की जा सकेगी।

फडणवीस ने कहा, "यह कानून किसी को प्रदर्शन, आंदोलन, या लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताने से नहीं रोकेगा। यह केवल उन संगठनों पर केंद्रित है जो प्रतिबंधित नक्सली और माओवादी संगठनों के फ्रंट के रूप में काम कर रहे हैं।"

विधेयक का स्वागत, विपक्ष की चुप्पी के साथ पारित हुआ विधेयक

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि विधानसभा में इस विधेयक का प्रत्यक्ष रूप से किसी दल ने विरोध नहीं किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 12,000 सुझावों को इस विधेयक की ड्राफ्टिंग में शामिल किया गया। इस प्रक्रिया का नेतृत्व राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में गठित संयुक्त समिति ने किया था, जिसमें दोनों सदनों के सदस्य शामिल थे।

संविधान की रक्षा के लिए कानून: CM फडणवीस

फडणवीस ने बताया कि यह विधेयक उस लोकतांत्रिक ढांचे की रक्षा करेगा जिसकी नींव संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने रखी थी। उन्होंने कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार द्वारा संसद और सुप्रीम कोर्ट में पेश किए गए पुराने दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे संगठनों की पहचान और कार्यवाही की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह कानून उन संगठनों के खिलाफ हमारी कानूनी ढाल बनेगा जो संविधान के मूल स्वरूप को अस्वीकार करते हैं, चाहे वे कितनी भी लोकतांत्रिक छवि क्यों न दिखाएं।,"

'महाराष्ट्र विशेष सार्वजनिक सुरक्षा विधेयक, 2024' का पारित होना राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज़ से एक अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस कानून के क्रियान्वयन में राजनीतिक इच्छाशक्ति, न्यायिक निगरानी और लोकतांत्रिक संतुलन को कैसे बनाए रखा जाता है। अगर यह विधेयक अपने घोषित उद्देश्य में सफल होता है, तो यह अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+