हनुमान चालीसा बजाने पर चाचा के MNS पर भड़के आदित्य ठाकरे, हिंदुत्व को लेकर दिया ये बयान
मुंबई, 10 अप्रैल: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और राज्य के कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे ने शिवसेना मुख्यालय के बाहर हनुमान चालीसा बजाने को लेकर अपने चाचा राज ठाकरे की पार्टी पर जोरदार तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि इसके जरिए एक मरी हुई पार्टी को जिंदा करने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि रविवार को राम नवमी के मौके पर उद्धव के चचेरे भाई राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने मुंबई में सत्ताधारी शिवसेना के मुख्यालय के बाहर लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाया था और धार्मिक नारेजबाजी की थी, जिसपर आदित्य ठाकरे ने एमएनएस पर यह भड़ास निकाली है।

मरी हुई पार्टी को जिंदा करने की कोशिश-आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने एमएनएस कार्यकर्ताओं पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि वे लोग 'मरी हुई पार्टी को जिंदा' करने की कोशिश कर रहे हैं। दरअसल, मुंबई में शिवसेना मुख्यालय के बाहर लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाने वाले एमएनएस नेता यशवंत किल्लेकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और जिस गाड़ी का इस काम के लिए इस्तेमाल किया गया, उसे भी जब्त करके ले गई। पुलिस एमएनएस नेता को गिरफ्तार करके शिवाजी पार्क थाने लेकर गई थी।
बीजेपी ने शिवसेना पर लगाया 'छद्म-निरपेक्ष' होने का आरोप
इस बीच बीजेपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना पर 'छद्म-निरपेक्ष' होने का आरोप लगाया और सवाल किया कुछ लोग हनुमान चालीसा का पाठ करने पर भी नाराज हो जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी एक खास समुदाय के तुष्टीकरण का विरोध करती है, लेकिन यह किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है।
'हमारे हिंदुत्व के बारे में सभी को पता है'
भाजपा और एमएनएस पर निशाना साधते हुए आदित्य ठाकरे ने रविवार को कहा है कि 'वो लोग मरी हुई पार्टी को जिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे हिंदुत्व के बारे में सभी को पता है। हमने जनता से जो भी वादा (चुनावों के दौरान) किया है, हम उसे पूरा करेंगे।'
दरअसल, मुंबई में यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने एक जनसभा के दौरान मांग की थी कि मस्जिदों में लाउडस्पीकरों को बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो मस्जिदों के बाहर स्पीकरों से तेज आवाज में हनुमान चालीसा बजाया जाएगा। लेकिन, हनुमान चालीसा बजाने की ऐसी कोशिशों के खिलाफ महा विकास अघाड़ी की सरकार फौरन कार्रवाई कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications