तीन खेलों की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन की वापसी की घोषणा, फाइट से पहले डांस से बांध देती हैं समां
महिला मार्शल आर्ट्स की सबसे बड़ी सुपरस्टार्स में से एक स्टैम्प फेयरटेक्स की वापसी की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। थाईलैंड की सबसे मशहूर महिला फाइटर अपने देश के राष्ट्रीय खेल मॉय थाई में लंबे समय बाद वापसी करती दिखेंगी।
28 वर्षीय स्टार का सामना मॉय थाई मुकाबले में मैक्सिको की फाइटर सिंथिया फ्लोरेस से होगा। ये मैच 26 जून को होने वाले The Inner Circle इवेंट से लाइव प्रसारित किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि जिस खेल को वह पांच साल की उम्र से खेलती आ रही हैं, उसमें जीत के साथ वापसी हो।

डेब्यू मैच में ही बनीं चैंपियन
वह कहावत कही जाती है कि पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं और स्टैम्प ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया। उन्होंने 2018 में अपना ONE Championship डेब्यू किया और अपनी विरोधी को पटखनी देकर ONE विमेंस एटमवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल जीता।
वह यहीं नहीं रुकीं और दूसरे मैच में संगठन द्वारा लॉन्च किए गए ONE विमेंस एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए शानदार खेल दिखाकर जीत हासिल की और ONE में दो खेलों की चैंपियन बनने वाली पहली फाइटर बनीं। हालांकि, साल 2020 में वह अपने दोनों खिताब गंवा बैठी, लेकिन तब तक उनके शानदार MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) करियर की शुरुआत हो चुकी थी।
MMA के खेल में बिखेरा जादू और जीता खिताब
स्टैम्प ने 2019-20 में चार MMA फाइट अपने नाम कीं। अगले साल उन्हें एक विवादित मैच में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन कुछ महीनों बाद उन्होंने उसी फाइटर को हराकर हिसाब-किताब बराबर कर दिया। उसके बाद दो और मैच अपने नाम किए, जिसमें भारत की ऋतु फोगाट को हराकर जीता गया ONE विमेंस एटमवेट MMA वर्ल्ड ग्रां प्री चैंपियनशिप जीत भी शामिल है।
इसकी बदौलत उन्हें खिताबी मैच हासिल हुआ और तब की चैंपियन एंजेला ली को टक्कर दी। मगर स्टैम्प को इस मैच में हार मिली और उनका MMA में वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना टूट गया। मगर खिताब उनसे ज्यादा दिन दूर नहीं रहने वाला था। 2023 में थाई मेगास्टार ने दक्षिण कोरिया की हैम सिओ ही को हराकर MMA खिताब जीता और संगठन की पहली और इकलौती फाइटर बनीं, जिन्होंने मॉय थाई, किकबॉक्सिंग और MMA मे वर्ल्ड टाइटल जीते।












Click it and Unblock the Notifications