MP: एक हैंडपंप ने पूरे गांव को बीमार बनाया, दर्जनों लोग अस्पताल पहुंच गए
सागर, 10 जुलाई। मप्र के सागर जिले का एक गांव ऐसा है जहां दो दिन में लगभग पूरा गांव बीमार हो गया है, जब तक स्वास्थ्य विभाग को खबर लगी गांव से कई दर्जन लोगों को रेफर कराने की नौबत आ गई। सरकारी मदद मिलने में देरी के चलते गांव वालों ने किराये की निजी एंबुलेंस बुलाकर मरीजों को बंडा और जिला अस्पताल पहुंचाया।

बारिश के मौसम में गांव के जलस्रोत दूषित होने के चलते सागर जिले के बंडा ब्लॉक का पिडरुआ गांव में डायरिया जैसा संक्रमण फैल गया। छोटी सी आबादी वाले इस गांव से दो दिन में करीब सवा सौ से अधिक मरीजों को इलाज दिया गया है, गांव में अभी और मरीज हैं, जिन्हें इलाज के लिए गांव से जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों की माने तो यहां दूषित पानी के कारण डायरिया की समस्या हो रही है, जिसमें लोगों को उल्टी-दस्त होने लगते हैं। ब्लॉक के अस्पताल प्रभारी डॉ जयप्रताप सिंह ठाकुर के अनुसार प्रभावित गांव से करीब सवा सौ से अधिक मरीजों को इलाज दिया जा चुका है, अभी और मरीजों को इलाज देने की तैयारी है।
हमारी टीमें गांव में घर-घर जाकर इलाज कर रही हैं
सीएमएचओ डॉ. डीके गोस्वामी के अनुसार पिडरुआ में पहले हैजा फैलने की अफवाह फैल गई थी, हैजा तो खत्म हो चुका है। बंडा के इस गांव में उल्टी-दस्त के काफी मरीज सामने आए हैं। इन्हें डायरिया का संक्रमण है। संभवत: दूषित पानी पीने के कारण यह हुआ है। बीएमसी के नेतृत्व में विभाग की टीमें गांव में कैंप किए हैं, हर घर में दवा बांटी जा रही है, मरीजों को पर्याप्त इलाज दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications