MP: कैंट से 400 वोटर गायब, मकरोनिया की सूची में मिले, जानिए क्या है मामला
सागर, 02 जुलाई। मप्र में सागर छावनी परिषद क्षेत्र के दो वार्डों से रातो-रात 400 से अधिक मतदाताओं के नाम गायब हो गए। ताज्जुब इस बात का कि निर्वतमान कैंट बोर्ड की अध्यक्ष पूनम पटेल व उनके पति का नाम भी कैंट की मतदाता सूची से नदारद है। बाद में पता चला कि यहां के मतदाताओं के नाम पडोसी निकाय मकरोनिया नगर पालिका में जोड दिए गए हैं।

सागर में छावनी परिषद के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 6 और 7 से करीब 400 वोटरों के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए हैं। तब यहां के जनप्रतिनिधियों ने पडताल की तो पता चला कि इन सभी के नाम सीधे-सीधे कैंट से काटकर मकरोनिया नगर पालिका के वार्ड नंबर-1 में जोड दिए गए हैं, जबकि एक भी व्यक्ति को यह पता ही नहीं चला या उसे बताया तक नहीं गया। मामले में कैंट प्रशासन व निर्वाचन आयोग में भी शिकायत की गई है।
कैंट के पूर्व पार्षद वीरेंद्र पटेल ने बताया कि उनका तथा उनकी पत्नी और निर्वतमान कैंट परिषद की उपाध्यक्ष पूनम पटेल का नाम भी बिना बताए मकरोनिया में जोड दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक आर्य को इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी गई है। उन्होंने कहा है कि आगामी 6 जुलाई को फर्जी वोटिंग की आशंका भी है। नाम काटने और जोडने में मकरोनिया नपा के अधिकारी, कर्मचारी, वार्ड के बीएलओ और एक जनप्रतिनिधि द्वारा यह सब कराया गया है। वीरेंद्र पटेल ने बताया कि मामले में केंद्र सरकार, भारतीय निर्वाचन आयोग तक को शिकायत भेजी है।












Click it and Unblock the Notifications