MP: डैम विस्थापितों की रकम डकार कर चिटफंड कंपनिया फरार, 35 लाख से अधिक की ठगी
सागर, 24 सितंबर। मप्र के सागर जिले के आदिवासी ब्लाॅक केसली में किसानों से दो चिटफंड कंपनियों ने 35 लाख रुपए की ठगी कर ली है। दिल्ली और इंदौर से आई इन कंपनियों ने किसानों को उनकी रकम चार साल में दोगुनी और छह साल में ढाई गुना करने की स्कीम बताई थी। जिसके बाद किसानों ने उनकी जमीन डूब में आने के बाद उस जमीन के मुआवजे के रुप में मिली रकम को इन कंपनियों में भविष्य के निवेश को ध्यान में रखकर लगा दिया था। जब रकम दोगुनी होने का समय आया तो पता चला कि कंपनी तो फ्राड निकली और राशि डकार कर गायब हो गई हैं। एजेंट ने बताया कि कंपनी के साथ रकम भी डूब गई। मुख्यालय पर जाकर पताा किया तो उन्होंने भुगतान करने के लिए ओरिजनल पाॅलिसी जमा करा ली और भगा दिया। मामला फिलहाल पुलिस के पास है।

पुलिस में कंपनी, प्रबंधक व एजेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार केसली के नयाखेड़ा निवासी रूपसिंह पिता मुलायम सिंह सहित 9 किसानों ने शिकायत दर्ज कराई है कि सोनपुर बांध निर्माण और जलभराव क्षेत्र में उन लोगों की जमीनें डूब में आई थीं। इनको शासन से मुआवजा मिला था। यह करीब 8 साल पहले की बात हो गई। उस दौरान कंपनी की तरफ से उनके एजेंट महेंद्र नामदेव ने आकर संपर्क किया था और बताया कि दो कंपनियां अपने यहां हैं जिनमें बीएनजी ग्लोबल इंडिया लिमिटेड, बीएन गोल्ड एवं जी लाईफ इंडिया डेव्हलपर्स एंड कालोनाइजर्स लिमिटेड, जी लाइफ कंपनी के कार्यालय हैं। इनमें रकम जमा करने पर आगामी चार साल में राशि दोगुनी करके देते हैं। वहीं छह साल में ढाई गुना राशि वापस मिलती है। कंपनी आपके पैसे को माॅर्केट में लगाती हैं और निवेश करके मोटी कमाई करती हैं। इनके झांसे में आकर 10 लाख 28 हजार रुपए जमा किए थे। इनकी बाकायदा पाॅलिसी और रसीदें दी गई थीं।
पाॅलिसी का समय पूरा होने पर राशि वापस मांगी तो बताया रकम डूब गई
पुलिस के अनुसार जब रूपसिंह व उसके साथी जगदीश, गोपाल प्रसाद, राजेंद्र सिंह, संतोष रानी, मल्थू सिंह, मलखान सिंह, कमल सिंह, नर्वदी पिता विधु सेन ने अलग-अलग पाॅलिसी लेकर राशि जमा कराई थी। इनकी रसीदें भी उनके पास मौजूद हैं। जब एजेंट महेंद्र नामदेव से संपर्क कर राशि दिलाने के लिए बात की तो उसने बताया कि कंपनी घाटे में चली गई है। आप सब की राशि डूब गई हैं। इसके बाद जब कंपनी के रजिस्टर्ड कार्यालय में जाकर संपर्क किया तो पैसा वापस करने के नाम पर पाॅलिसी जमा करा ली गईं और पैसा कुछ दिन में खातों में डालने की बात कही गई। इसके बाद पैसा नहीं आया तो फिर संपर्क किया, वहां पर हम लोगों को वे लोग धमकाने लगे। जानकारी जुटाई तो पता चला कि अन्य जिलों में भी इन लोगों ने ऐसी ही ठगी की है।
संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, होगी गिरफ्तारी
ठगे गए किसानों की रकम चिटफंड कंपनी के एजेंट महेंद्र नामदेव, निवासी विदिशा तथा संचालक बीएनजी ग्लोबल इंडिया लिमिटेड नेताजी सुभाष प्लेस पीथमपुरा नई दिल्ली एवं संचालक जी लाईफ इंडिया डेव्हलपर्स एंड कालोनाइजर्स लिमिटेड प्रथम चल कंचन सागर ओल्ड पलासिया एबी रोड इंदौर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications