MP News Jabalpu: भगवान के भरोसे चल रही 'लड्डू गोपाल' शॉप, विजय पांडे ने बताई इंसानी करुणा से जुड़ी अनोखी कहानी
MP news: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हाल ही में ऐसी अनोखी दुकान खुली है, जिसे देखने और उससे लड्डू खरीदने के लिए शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस दुकान पर कोई दुकानदार नहीं बैठता, न ही कोई कर्मचारी नजर आता है। दुकान को "भगवान" खुद चला रहे हैं।
इसका नाम रखा गया है - 'श्री लड्डू गोपाल'। यहां लोग अपनी जरूरत के अनुसार लड्डू का पैकेट लेते हैं और ईमानदारी से पैसे रखकर चले जाते हैं।

विजय पांडे ने भगवान के भरोसे खोली दुकान
शास्त्री ब्रिज के पास रहने वाले विजय पांडे (52) ने 10 मार्च 2025 को अपने घर के बाहर यह दुकान शुरू की। दुकान का संचालन पूरी तरह से भगवान लड्डू गोपाल के नाम पर है। विजय पांडे बताते हैं, "मैंने यह दुकान विश्वास और ईमानदारी की परीक्षा के रूप में शुरू की है। यहां कोई सेल्समैन या मैं खुद मौजूद नहीं रहता। लोग आते हैं, भगवान लड्डू गोपाल के सामने रखे डिब्बों से अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से लड्डू का पैकेट उठाते हैं और पेमेंट करके चले जाते हैं।"
तीन तरीके से कर सकते हैं पेमेंट
दुकान पर पेमेंट के लिए तीन विकल्प दिए गए हैं। ग्राहक चाहें तो दुकान पर लगे क्यूआर कोड से ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं। नकद भुगतान करने वालों के लिए एक डोनेशन बॉक्स रखा गया है। वहीं, ग्राहकों की सुविधा के लिए खुले पैसे भी रखे गए हैं, ताकि छुट्टे पैसे न होने पर दिक्कत न हो। खास बात यह है कि अगर किसी के पास पैसे न हों, तो वह लड्डू पैकेट लेकर जा सकता है और बाद में अपनी सहूलियत से पैसे डाल सकता है।

ईमानदारी से भरोसे का कारोबार
विजय पांडे का कहना है कि शुरुआत में यह एक प्रयोग था, लेकिन कुछ ही दिनों में यह दुकान पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई। लोग न सिर्फ लड्डू खरीदने आ रहे हैं, बल्कि इस ईमानदारी और विश्वास से प्रेरित भी हो रहे हैं। विजय पांडे बताते हैं, "हर रोज 17 किलो से ज्यादा लड्डू बिक रहे हैं। कई बार लोग अतिरिक्त पैसे भी डाल देते हैं।"
आय से होगा सामाजिक कार्य
इस दुकान से होने वाली पूरी आय का उपयोग विजय पांडे समाज सेवा में कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां से जो भी आमदनी होती है, वह बच्चों की शिक्षा, इलाज और जरूरतमंदों की सहायता में खर्च की जाती है।
सुरक्षा के लिए लगा है सिर्फ एक सीसीटीवी
दुकान की सुरक्षा व्यवस्था बेहद साधारण है। बाहर सिर्फ एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, जिसका मकसद भी लोगों को भरोसे और जागरूकता का संदेश देना है। दुकान के बाहर एक बोर्ड भी लगाया गया है, जिस पर लिखा है - 'यह दुकान भगवान लड्डू गोपाल के भरोसे है, कृपया ईमानदारी दिखाएं।'

लोग हो रहे प्रेरित
यह अनोखी पहल लोगों को ईमानदारी और विश्वास का संदेश दे रही है। दुकान पर आने वाले ग्राहकों का कहना है कि इस तरह का कांसेप्ट आज के समय में बहुत ही दुर्लभ है। विजय पांडे की इस कोशिश को शहर में एक सकारात्मक सामाजिक प्रयोग के तौर पर देखा जा रहा है।
विजय पांडे बोले - 'भगवान का ही व्यापार है'
विजय पांडे मुस्कुराते हुए कहते हैं, "यह भगवान का ही व्यापार है। मैं सिर्फ माध्यम हूं। अगर भगवान की मर्जी होगी तो यह काम चलता रहेगा। मुझे भरोसा है कि लोग ईमानदारी से इस दुकान को सहयोग देते रहेंगे।" विजय पांडे बताते हैं कि दिसंबर 2024 में एक घटना ने उनकी सोच और जीवन की दिशा बदल दी। "एक दिन एक शख्स मेरे घर आया। उसने बताया कि उसका पांच साल का बेटा जन्मदिन पर मंदिर वाला वही लड्डू खाना चाहता है, जो उसने कुछ दिन पहले खाया था। उस लड्डू के डिब्बे पर मेरा पता लिखा था, इसलिए वह मुझे ढूंढते-ढूंढते यहां तक आ गया।"
पांडे के मुताबिक, वह व्यक्ति पेशे से सुरक्षा गार्ड था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उसने कहा, "मेरे पास अभी पैसे नहीं हैं, लेकिन बच्चे का जन्मदिन है। क्या आप मुझे 200 रुपए के लड्डू उधार दे सकते हैं?" इस पर विजय पांडे ने बिना देर किए एक किलो लड्डू उसे दे दिए और कहा कि जब भी मर्जी हो, पैसे लौटा देना।
'भगवान की कसम' ने भर दिया विश्वास
विजय पांडे बताते हैं, "उस व्यक्ति ने लड्डू गोपाल की कसम खाई कि वह पैसे जरूर लौटाएगा। कुछ ही दिनों बाद वह आया और पैसे लौटा दिए। उस घटना ने मेरे मन में विचार पैदा किया कि क्यों न ऐसी दुकान खोली जाए, जहां जरूरतमंद बिना संकोच के भगवान पर भरोसा करके लड्डू ले सकें।"
परिवार ने भी दिया साथ
इस विचार को लेकर विजय पांडे ने अपनी पत्नी और बच्चों से चर्चा की। सभी को यह आइडिया पसंद आया। इसके बाद उन्होंने 10 मार्च 2025 को अपने घर के बाहर 'श्री लड्डू गोपाल' नाम से यह दुकान खोल दी। विजय पांडे कहते हैं, "मैंने सोचा कि अगर मेरी जगह यहां भगवान खुद बैठे होते तो शायद उस व्यक्ति को मदद मांगने में इतनी हिचकिचाहट नहीं होती।"
24 घंटे खुली रहती है दुकान
यह दुकान 24 घंटे खुली रहती है। यहां 250 ग्राम और 500 ग्राम लड्डू के पैकेट रखे गए हैं। सभी पर रेट भी लिखे हैं। भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा के सामने ग्राहकों के लिए तीन तरह से पेमेंट की सुविधा दी गई है - ऑनलाइन क्यूआर कोड, नकद बॉक्स और तीसरा विकल्प कि अगर पैसे न हों तो लड्डू ले जाएं और जब मर्जी हो पैसे लौटा दें। ग्राहकों की सुविधा के लिए खुले पैसे भी रखे गए हैं। विजय पांडे कहते हैं, "यह व्यापार भगवान का है। मैं तो सिर्फ उनका सेवक हूं। भगवान चाहेंगे तो यह काम और भी बढ़ेगा और ज्यादा लोगों की मदद हो सकेगी।"












Click it and Unblock the Notifications