जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव: PWD मंत्री भार्गव के गृहनगर में फसाद, पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज
सागर, 27 जुलाई। मप्र के पीडब्ल्युडी मंत्री गोपाल भार्गव के गृहक्षेत्र रहली में जनपद अध्यक्ष चुनाव के दौरान दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठी चार्ज करना पडा। भार्गव समर्थक प्रत्याशी के सामने खडी प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद समर्थक आपस झगड़ पड़े थे।

सागर जिले में छह जनपदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए बुधवार को निर्वाचन हुआ। इस दौरान अधिकांश जगह भाजपा समर्थित प्रत्याशी चुनाव में विजय रहे, हालांकि दो जगह अन्य दल के समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। इधर प्रदेश के कद्दावर मंत्री गोपाल भार्गव के गृहनगर रहली में जनपद अध्यक्ष चुनाव में भार्गव खेमे से समर्थन प्राप्त रश्मि सुरेश कपस्या ने अध्यक्ष का फॉर्म भरा था, तो इनके सामने रचना मिंटू चौरहा ने अध्यक्ष पद पर दावेदारी ठोकी थी। दोनों के समर्थक निर्वाचन कार्यालय के बाहर डेरा जमाए हुए थे।
रचना का नामांकन निरस्त होते ही उग्र हुए समर्थक
जानकारी अनुसार निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से जैसे ही रचना मिंटू चौरहा का नामांकन निरस्त होने की सूचना बाहर पहुंची तो उनके समर्थक प्रशासन पर जानबूझकर फॉर्म निरस्त करने का आरोप लगाकर भड़क उठे। मंत्री भार्गव के खिलाफ नारेबाजी होने लगी तो रश्मि कपस्या के समर्थक सामने आ गए और बहसबाजी के बाद दोनों समर्थक गुट में हाथापाई की नौबत आ गई। पुलिस ने मोर्चा संभाला और जब स्थिति बिगडने लगी तो लाठियां भांजना शुरु कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications