चचेरी बहन की मौत से सदमें में आया भाई, जलती चिता में कूदकर दे दी जान
सागर, 12 जून। मप्र के सागर जिले में एक लोमहर्षक घटना सामने आई है। मझगंवा गांव में अपनी चचेरी बहन की मौत से सदमें में आए भाई ने उसकी धधकती चिता पर लेटकर जान दे दी। मामला रविवार का है। एक ही परिवार में महज 8 घंटे में बेटी और बेटा की असमय मौत से पूरा गांव स्तब्ध है। बहन की मौत व अंतिम संस्कार के समय भाई सागर से दूर धार में था।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मझगंवा गांव के दांगी परिवार की लडकी ज्योति उर्फ प्रीति दांगी शाम को खेत गई थी, उसके बाद वह लापता हो गई थी। परिजनों ने रातभर तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह खेत के कुंए में उसका शव पानी में उतराता मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव शाम को परिजनों को सौंप दिया, शाम छह बजे प्रीति का अंतिम संस्कार किया गया था। दूसरे दिन शनिवार को ज्योति के बड़े पिता उदयसिंह का बेटा करण धार जिले से बाइक से गांव पहुंचा था। वह घर जाने के बजाय सीधे श्मशान पहुंचा और बाइक को रोड पर रखकर बहन की धधकती चिता के पास पहुंचा और प्रणाम कर वह उस पर ही लेट गया।

जब तक परिजन को जानकारी मिली देर हो चुकी थी
करण को चिता पर लेटे कुछ लोगों ने देख लिया था, जैसे ही नजर पडी तो उन्होंने दौडकर परिजनों को सूचना दी और सभी श्मशान की तरफ दौडे। परिजन जब तक श्मशान घाट पहुंचे 21 वर्षीय करण का शरीर पूरी तरह जल चुका था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। रविवार सुबह करण दांगी का अंतिम संस्कार बहन ज्योति की चिता के पास ही किया गया है।
दांगी परिवार की ज्योति और दीपक एक साथ बुझ गए
मझगवा गांव के सरपंच भरत सिंह घोसी ने बताया कि बहन की चिता पर लेटकर भाई ने जान दे दी, हमारे गांव तो क्या हमने अपने जीवन में ऐसी घटना पहले कहीं नहीं देखी न सुनी। दोनों भाई-बहन में बडा स्नेह था। गांव में सभी एक परिवार की तरह ही रहते हैं, ऐसे में एक ही घर के दोनों दीपक बुझने से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है, सभी सदमें में हैं।
बहन की चिता पर लेटकर भाई ने जान दे दी
बहरिया थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि ज्योति का शव का पंचनामा कार्यवाही करने के बाद कफन दफन के लिए उनकी सुपुर्द किया थाा अंतिम संस्कार गांव में ही किया गया था। दूसरे दिन उसका भाई करण पहुंचा और चिता में लेट गया था, जिससे उसकी भी मौत हो गई है। दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी ।












Click it and Unblock the Notifications