चमत्कार ! भगवान भोलेनाथ की कृपा से बची ग्रामीणों की जान, घरों पर गिरने के बजाय शिवलिंग पर गिरी बिजली
नरसिंहपुर, 14 जुलाई। शिवभक्ति का पवित्र श्रावण मास प्रारंभ होने के ठीक एक दिन पहले नरसिंहपुर जिले में भगवान भोलेनाथ तेज आकाशीय बिजली को अपने सिर पर झेल गए। बिजली गिरने से मंदिर के गुंबद से लेकर फर्श तक को नुकसान हुआ है, लेकिन प्रतिमाएं और शिवलिंग सुरक्षित है। लोग इसे शिव का चमत्कार मान रहे हैं। बिजली यदि आसपास गिरी होती तो ग्रामीणों की जान जा सकती थी। बता दें कि यह घटना जिले के झोतेश्वर धाम से सटे श्रीनगर गांव की है। धाम में जगदगुरु शंकराचार्य स्वरुपानंद सरस्वती शिष्यों के साथ विराजमान हैं।

मप्र के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से 10 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध ललिता त्रिपुरसुंदरी शक्तिपीठ झोतेश्वर धाम से पहले बने शिवमंदिर पर तेज आवाज के साथ आकाशीय गाज गिर गई। मंदिर अंदर-बाहर से क्षतिग्रस्त हो गया, सारा सामान, बिजली उपकरण खराब, टाइल्स फर्श टूट गया, लेकिन चमत्कारिक रुप से मंदिर में शिवलिंग और शिव परिवार की प्रतिमाओं को रत्तीभर भी नुकसान नहीं हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भगवान भोलेनाथ ने ग्रामीणों की जान बचा ली, यदि मंदिर से हटकर आसपास के इलाके में बिजली गिरती तो कई लोगों की जान चली जाती।

झोतेश्वर धाम में हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आए हैं
शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी स्वरुपानंद सरस्वती महाराज नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव स्थित झोतेश्वर शक्तिपीठ में विराजमान हैं। यहां पर गुरुपूर्णिमा महोत्सव में देशभर से बीते रोज करीब 50 हजार श्रद्ालु आए थे। हजारों लोग एक दिन पहले ही आ गए थे। स्थानीय रहवासी व मंदिर से जुडे शिष्य रामप्रसाद सोनी ने बताया कि इस इलाके में बिजली गिरने की घटनाएं कम होती हैं, लेकिन इस साल गाज गिरने की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं। मंदिर के आसपास गाज गिरने की घटना पहली दफा हुई है।












Click it and Unblock the Notifications