पश्चिम बंगाल उपचुनाव: भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को चुनौती देंगे सीपीआई उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास
पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए सीपीआई(एम) ने श्रीजीब विश्वास को मैदान में उतारा है।
कोलकाता, 8 सितंबर। पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए सीपीआई(एम) ने श्रीजीब विश्वास को मैदान में उतारा है।

उनका नाम कलकत्ता जिला समिति की ओर से प्रस्तावित किया गया था। बुधवार को राज्य सचिवालय की बैठक में सभी शीर्ष नेताओं ने उनके नाम पर सहमति जताई। वहीं भाजपा ने अभी तक भवानीपुर सीट के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। वहीं, समसेरगंज विधानसभा सीट पर मोहम्मद मोदसर हुसैन अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के जाने आलम मियां को जंगीपुर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
जब से चुनाव आयोग ने भवानीपुर सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की है। तमाम विपक्षी दलों ने ममता बनर्जी को टक्कर देने के लिए अपने श्रेष्ठतम उम्मीदवार की तलाश शुरू कर दी है। वहीं कई विपक्षी दल चुनाव आयोग के इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। माकपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय समिति के सदस्य सुजान चक्रवर्ती ने कहा, 'उपचुनाव की तारीखों की घोषणा संवैधानिक रूप से स्वागत योग्य है। लेकिन भवानीपुर और अन्य दो सीटों पर ही उपचुनाव कराने की घोषणा क्यों की गई है अन्य सीटों पर उपचुनावों की घोषणा क्यों नहीं की गई।' उन्होंने कहा कि जहां पिछले 34 साल के शासन में विभिन्न निकायों के चुनाव नियमित रूप से होते थे, वहीं विभिन्न नगर पालिकाओं के चुनाव दो साल से अधिक समय से लंबित हैं।
कांग्रेस नहीं उतारेगी अपना कोई उम्मीदवार
कांग्रेस पार्टी ने कल स्पष्ट किया कि पार्टी भवानीपुर विधानसभा सीट पर अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी को कांग्रेस उम्मीदवार का नाम चुनने के लिए नामों की लिस्ट भेजी गई थी, लेकिन पार्टी ने किसी भी उम्मीदवार को उतारने से मना कर दिया। इसको लेकर पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने कहा वह निजी तौर पर नहीं मानते कि ममता बनर्जी के खिलाफ किसी को भी उम्मीदवार बनाया जाना उचित होगा। हालांकि दक्षिण कोलकाता के कुछ कांग्रेस नेताओं ने अधीर रंजन चौधरी के इस फैसले का विरोध किया है। कांग्रेस के इस फैसले पर चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि साल 2024 के संसदीय चुनावों को देखते हुए टीएमसी और कांग्रेस अन्य भाजपा विरोधी दलों के साथ एकजुट हो रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस इसमें सेंधमारी नहीं करना चाहती।
Recommended Video
यह भी पढ़ें: दिल्ली से फिर आई सुकून भरी खबर, कोरोना से मौत का आंकड़ा शून्य, 41 नए केस












Click it and Unblock the Notifications