'सत्ता के भूखे नेतृत्व ने', संविधान दिवस पर PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, इमरजेंसी से आर्टिकल 370 तक उठाए सवाल
संविधान दिवस (Constitution Day) के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के दौर की सरकारों पर सीधा हमला बोला है। गुरुवार (26 नवंबर) को 'द इंडियन एक्सप्रेस' (The Indian Express) में छपे अपने लेख में पीएम मोदी ने आपातकाल (Emergency), संविधान संशोधनों और आर्टिकल 370 का जिक्र करते हुए तत्कालीन नेतृत्व को 'सत्ता का भूखा और संविधान विरोधी' करार दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों को पांच दशकों तक देश पर शासन करने का मौका मिला और जिन पर संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी थी, उन्होंने ही इसे कमजोर करने का काम किया। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे का दावा करते हुए कहा कि अब देश में केवल 'दिमागी नक्सल' बचे हैं, जो विकास की राह में रुकावट डालने की कोशिश कर रहे हैं।

1951 के पहले संशोधन और आपातकाल पर तीखा हमला
पीएम मोदी ने ऐतिहासिक घटनाओं का हवाला देते हुए बताया कि कैसे बुनियादी अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर चोट की गई:
- पहला संशोधन (1951): पीएम मोदी ने याद दिलाया कि 1951 के पहले संविधान संशोधन को 75 साल हो गए हैं । तब एक ऐसी सरकार ने अस्थायी संसद (Provisional Parliament) में बहुमत का इस्तेमाल कर मौलिक अधिकारों पर पाबंदी लगाई थी, जो जनता द्वारा चुनी ही नहीं गई थी। देश के पहले आम चुनाव से ठीक कुछ महीने पहले इसे लाना साबित करता है कि इसका मकसद चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करना और विपक्ष की आवाज दबाना था।
- 42वां, 38वां और 39वां संशोधन: आपातकाल के चरम पर हुए 42वें संशोधन को 50 साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि इसने न्यायिक समीक्षा (judicial review) को सीमित किया और संस्थाओं के बीच शक्ति संतुलन को बदल दिया। उन्होंने युवाओं से आपातकाल के दौरान लाए गए 38वें और 39वें संशोधन को पढ़ने की अपील की, ताकि वे जान सकें कि सत्ता का भूखा नेतृत्व क्या कर सकता है।
- अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग: पीएम मोदी ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक ही पार्टी ने लगभग 100 बार इसका इस्तेमाल किया और एक पूर्व प्रधानमंत्री ने तो अकेले ही इस मामले में 'अर्धशतक' लगा दिया।
अनुच्छेद 370, 35A और 'दिमागी नक्सलियों' पर क्या बोले PM मोदी?
पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े अनुच्छेद 370 और 35A का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रावधानों की वजह से 70 साल से ज्यादा समय तक वहां पूरा संविधान लागू नहीं हो सका। इससे एससी (SC), एसटी (ST), ओबीसी (OBC) समुदायों और महिलाओं के अधिकारों का हनन हुआ। अगस्त 2019 में इस ऐतिहासिक गलती को सुधारा गया।
माओवाद पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक खासकर आदिवासी इलाकों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर गरीबों को संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। इस साल नक्सलवाद के सफल खात्मे से सबसे गरीब तबका बिना डर के अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर पा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब केवल 'दिमागी नक्सली' बचे हैं, जो जमीनी हकीकत से दूर हैं लेकिन देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिश में लगे रहते हैं।
संविधान दिवस पर अंबेडकर और राजेंद्र प्रसाद को किया याद
पीएम मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने के पीछे की वजह भी बताई। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि दी।
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान में भारत की पुरानी परंपराओं और सभ्यतागत समझ के साथ आधुनिक राष्ट्र की जरूरतों को भी जगह मिली है। भारत जैसे विविधता वाले देश में संविधान की पहुंच संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने एक दशक से ज्यादा समय पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला इसी सोच के साथ लिया था, ताकि खासकर युवाओं के बीच संविधान के प्रति जुड़ाव बढ़े।
एक अलग संदेश में भी पीएम मोदी ने संविधान दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं की ओर से देश को मिली यह विरासत भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ने में मार्गदर्शन करती रहेगी।




Click it and Unblock the Notifications
