दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP के सौरव दास को क्यों रोका गया? क्या होता है RPO नोटिस? क्यों अटका विदेश जाना?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-फाउंडर सौरव दास (Saurav Das) को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विदेश जाने से रोक दिया गया। यह कार्रवाई चेन्नई स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (RPO) की ओर से जारी एक कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) के बाद की गई है ।
दरअसल सौरव दास 24 नवंबर 2026 की रात 1:00 बजे की फ्लाइट से लंदन जा रहे थे,जहां उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन समेत कई ब्रिटिश संस्थानों में भाषण देना था। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें बोर्डिंग से रोक दिया क्योंकि RPO चेन्नई ने उनके 2019 के पासपोर्ट, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और स्कूल रिकॉर्ड में जन्म स्थान, जन्मतिथि और पिता के नाम में बड़ा अंतर पकड़ा है।

क्या होता है RPO नोटिस और कानून क्या कहता है?
RPO यानी क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस वह सरकारी संस्था है, जो भारतीय पासपोर्ट जारी करने और उनकी निगरानी का काम करती है। पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 10(3) के तहत अगर कोई व्यक्ति जरूरी जानकारी छिपाकर या गलत दस्तावेज देकर पासपोर्ट बनवाता है, तो अधिकारी उसे जब्त या रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। एक बार इमिग्रेशन सिस्टम में RPO नोटिस का फ्लैग लग जाने के बाद, मामला सुलझने तक उस पासपोर्ट पर विदेश यात्रा नहीं की जा सकती।
सौरव दास ने बताया कि उन्हें यह नोटिस 23 नवंबर की शाम 7:30 बजे ईमेल से भेजा गया था और 30 नवंबर तक यानी सात दिनों के भीतर दस्तावेज जमा करने को कहा गया। सौरव दास का आरोप है कि उन्होंने यह ईमेल इमिग्रेशन काउंटर पर ही देखा और जानबूझकर उनकी ब्रिटेन यात्रा रोकने के लिए यह टाइमिंग चुनी गई। उन्होंने इस रोक के खिलाफ अब दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
कैसे काम करता है RPO का कारण बताओ नोटिस?
पासपोर्ट जारी होने के बाद की जांच, पुलिस रिपोर्ट या कोर्ट के आदेश पर जानकारी गलत निकलने पर RPO नोटिस भेजता है। सौरव दास के मामले में यह दोबारा जांच सितंबर 2026 के मद्रास हाईकोर्ट के एक आदेश के बाद शुरू हुई, जो उनकी नागरिकता और दस्तावेजों पर सवाल उठाने वाली एक जनहित याचिका (PIL) से जुड़ा है।
इस रोक को हटाने के लिए पासपोर्ट धारक को तय समय के भीतर मूल दस्तावेज (जैसे बर्थ सर्टिफिकेट या स्कूल रिकॉर्ड) और लिखित जवाब RPO में जमा करना होता है। अधिकारियों के संतुष्ट होने पर सिस्टम से फ्लैग हटा दिया जाता है और उसी पासपोर्ट पर यात्रा फिर से शुरू हो सकती है।
दस्तावेजों में अंतर कितना आम है और सौरव दास का केस अलग क्यों?
भारत में नगर निगम के रजिस्टर, स्कूल सर्टिफिकेट, आधार और पासपोर्ट का डेटा अलग-अलग जगह दर्ज होने के कारण दस्तावेजों में मामूली अंतर होना काफी आम बात है। अक्सर लोग अलग-अलग आईडी के लिए अलग दस्तावेज लगाते हैं। इसके अलावा टाइपिंग की गलती, शहर या जिले का नाम बदलने (जैसे मद्रास से चेन्नई होना) या देर से जन्म पंजीकरण कराने से भी तारीख और जगह में फर्क आ जाता है।
आम लोगों के मामले में ऐसी गलतियां पासपोर्ट रिन्यूअल या वीजा के समय पकड़ में आती हैं, जिन्हें पासपोर्ट सेवा के तहत 'चेंज इन पर्सनल पर्टिकुलर्स' कैटेगरी में आवेदन करके और सही जन्म प्रमाण पत्र देकर सुधारा जा सकता है। लेकिन सौरव दास का मामला सामान्य क्लर्कियल गलती नहीं है:
- एक साथ कई बड़े अंतर: उनके जन्म स्थान, जन्मतिथि और पिता के नाम तीनों में विरोधाभास मिला है।
- नागरिकता पर सवाल: यह मामला मद्रास हाईकोर्ट में दायर एक PIL से जुड़ा है, जिसमें उनकी नागरिकता पर सवाल उठाए गए हैं।
- जब मामला नागरिकता या जानबूझकर तथ्य छिपाने का हो, तो विदेश मंत्रालय (MEA) और RPO इसे सामान्य सुधार के बजाय सुरक्षा और कानूनी अलर्ट के तौर पर देखते हैं, जिससे एयरपोर्ट पर तुरंत रोक लग जाती है।




Click it and Unblock the Notifications
