जानिए श्रीनगर के तारिक अहमद पतलू को पीएम मोदी से क्या है उम्मीद, 'मन की बात' में नरेंद्र मोदी ने की है तारीफ
श्रीनगर, 27 जून: तारिक अहमद पतलू श्रीनगर के डल झील में एंबुलेंस सेवा चलाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महीने के आखिरी रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात कार्यक्रम में समाज के लिए उनके योगदान की तारीफ की है तो वह सुर्खियों में आ गए हैं। पतलू ने कहा है कि वो जो भी कर रहे हैं, उसपर उन्हें गर्व है, साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर उनका जिक्र किए जाने पर कहा है कि उन्हें लगता है कि इससे हाउस बोट कारोबार से जुड़े लोगों को मदद मिलेगी। पतलू खुद कोविड से संक्रमित हो चुके हैं और अब कोविड मरीजों को भी अपने एंबुलेंस में ले जाते हैं।

मन की बात में पीएम मोदी ने तारिक पतलू की तारीफ की है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मन की बात कार्यक्रम में डॉक्टरों की मदद के लिए आगे बढ़कर काम करने वाले लोगों की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा है कि यह हम सबका दायित्व है कि डॉक्टर जो हमारी सेवा करते हैं, उसके लिए हमसब मिलकर उनका हौसला बढ़ाएं। इसी दौरान उन्होंने श्रीनगर की डल झील में बोट एंबुलेंस सेवा शुरू करने वाले तारिक अहमद पतलू का भी जिक्र किया और उनके काम की काफी तारीफ की। पीएम मोदी की ओर से सराहे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए तारिक ने कहा है कि 'मैं अपनी ड्यूटी कर रहा हूं और इससे मेरे समुदाय को लाभ होगा तो हमें खुशी होगी।' उनका कहना है कि वह जो काम कर रहे हैं, उसपर उन्हें गर्व है।

बोट एंबुलेंस की पहल को पीएम ने सराहा
दरअसल, प्रधानमंत्री ने रेडियो पर अपने कार्यक्रम में उनके बारे में बताया है कि "हमारे देश में कई लोग ऐसे भी हैं जो डॉक्टर्स की मदद के लिए आगे बढ़कर काम करते हैं। श्रीनगर से एक ऐसे ही प्रयास के बारे में मुझे पता चला। यहां डल झील में एक बोट एंबुलेंस सर्विस की शुरुआत की गई। इस सेवा को श्रीनगर के तारिक अहमद पतलू जी ने शुरू किया, जो एक हाउस बोट ओनर हैं। उन्होंने खुद भी कोविड-19 से जंग लड़ी है और इसी ने उन्हें एंबुलेंस सर्विस शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उनकी इस एंबुलेंस से लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चल रहा है वो लगातार एंबुलेंस से एनाउंसमेंट भी कर रहे हैं। कोशिश यही है कि लोग मास्क पहनने से लेकर दूसरी हर जरूरी सावधानी बरतें।"
Recommended Video

हाउस बोट कारोबारियों को मदद मिलने की उम्मीद- पतलू
जब देश के प्रधानमंत्री की ओर से प्रशंसा किए जाने को लेकर पतलू से पूछा गया तो उन्होंने कहा है कि 'मुझे अपने काम पर गर्व होता है। यह उद्योग मुश्किल दौर से गुजर रहा है और मुझे उम्मीद है कि पीएम मोदी की 'ट्वीट' (मन की बात से) से मेरे समुदाय को मदद मिलेगी।' शायद वो पिछले दो साल से हाउस बोट कारोबार से जुड़े लोगों की तकलीफ का जिक्र करना चाह रहे थे। तारिक ने अपनी एंबुलेंस सेवा के बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि 'मेरे पास एक ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर, सिलेंडर, स्ट्रेचर, बेड, व्हीलचेयर और फर्स्ट ऐड बॉक्स है। जब भी मुझे बुलाया जाता है मैं कोविड मरीज को भी ले जाता हूं।'

पीएम ने डॉक्टर का हौसला बढ़ाने का किया आह्वान
दरअसल, पीएम मोदी 1 जुलाई को आ रहे नेशनल डॉक्टर्स डे का जिक्र कर रहे थे। वे बोले कि "कोरोना-काल में डॉक्टर्स के योगदान के हम सब आभारी हैं। हमारे डॉक्टर्स ने अपनी जान की परवाह न करते हुए हमारी सेवा की है। इसलिए, इस बार नेशनल डॉक्टर्स डे और भी खास हो जाता है।" इस मौके पर उन्होंने प्राचीन यूनानी विद्वान और पश्चिमी चिकित्सा शास्त्र के जनक हिपोक्रेटिस की ओर से कही गई एक बात बताई कि " 'जहां आर्ट ऑफ मेडिसीन के लिए प्रेम होता है, वहा मानवता के लिए भी प्रेम होता है।'...............डॉक्टर्स, इसी प्रेम की शक्ति से ही हमारी सेवा कर पाते हैं इसलिए, हमारा ये दायित्व है कि हम उतने ही प्रेम से उनका धन्यवाद करें, उनका हौसला बढ़ाएं। "












Click it and Unblock the Notifications