Vikash Yadav: पन्नून मामले में नाम आते ही 'रॉ एजेंट' विकास यादव हुए थे गिरफ्तार, भेजा गया था तिहाड़- रिपोर्ट
Vikash Yadav News: अमेरिका की सुरक्षा एजेंसी FBI ने खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश के आरोप में भारत सरकार के पूर्व अधिकारी विकास यादव का नाम वांटेड की लिस्ट में डाला है और अब पता चला है, कि दिल्ली में विकास यादव को गिरफ्तार किया गया था।
विकास यादव की ये गिरफ्तारी उस वक्त हुई थी, जब पिछले साल नवंबर में अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट (DoJ) ने उनका नाम पन्नून की हत्या की साजिश रचने के आरोप में 'CC-1' के तौर पर शामिल किया था और उन्हें भारत सरकार की खुफिया एजेंसी का एक अधिकारी बताया था।

दिल्ली में गिरफ्तार किए गये थे विकास यादव
अब इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि DoJ की तरफ से आरोपी ठहराए जाने के तीन हफ्ते से भी कम समय में विकास यादव को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था और उनपर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया था।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि दिल्ली की तिहाड़ जेल में चार महीने रहने के बाद, विकास यादव को इस साल अप्रैल में जमानत पर रिहा कर दिया गया। शुक्रवार को, विकास यादव का नाम DoJ की तरफ से लिया गया और कथित पन्नू हत्या की साजिश में "भाड़े पर हत्या" और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया।
विकास यादव, जिनका नाम जस्टिस डिपार्टमेंट (DoJ) के अभियोग में एक "भारतीय सरकारी कर्मचारी" के रूप में दर्ज है, उनके बारे में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा, कि वह "भारत सरकार के ढांचे का हिस्सा नहीं हैं।"
दिल्ली में उनकी गिरफ्तारी और उसके बाद जमानत पर रिहाई महत्वपूर्ण है, क्योंकि FBI के न्यूयॉर्क कार्यालय ने शुक्रवार को उन्हें वांटेड लिस्ट में डाल दिया था और उनके बारे में जानकारी मांगी थी।
18 दिसंबर 2023 को, दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने रोहिणी के रहने वाले एक शख्स की तरफ से, विकास यादव के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने के बाद गिरफ्तार किया था, जिसमें उन पर जबरन वसूली और अपहरण का आरोप लगाया गया था और उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जोड़ा गया था।
रोहिणी निवासी ने अपनी शिकायत में कहा, कि वह एक आईटी कंपनी चलाते थे और पश्चिम एशिया में बसे कई भारतीयों के साथ उनके संपर्क स्थापित हो गए थे। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, "पिछले साल नवंबर में, मेरे एक दोस्त ने मुझे विकास यादव से एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के रूप में मिलवाया और हमने नंबरों का आदान-प्रदान किया। हम अच्छे दोस्त बन गए, लेकिन सरकारी अधिकारी होने के कारण हमने कभी व्यापार के बारे में बात नहीं की। हालांकि, उन्होंने हमेशा मेरे दोस्तों, जो विदेश में रहते हैं, उनके बारे में जानकारी लेनी चाहिए और यह भी पूछा था, कि मैं उनके साथ पैसे का लेन-देन कैसे करता हूं।"
उन्होंने आरोप लगाया, कि यादव ने उन्हें बताया था कि वह एक केंद्रीय एजेंसी के लिए संवेदनशील ऑपरेशन को अंजाम देने वाले "किसी तरह के अंडरकवर एजेंट" हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी अपना पद या कार्यालय का पता नहीं बताया।
विकास यादव पर क्या आरोप लगाए गये?
शिकायत में उन्होंने कहा, "11 दिसंबर को उसने मुझे फोन किया और बताया कि वह कुछ गंभीर बात करना चाहते हैं और यह मेरी जिंदगी से जुड़ी है। हमने लोधी रोड पर मिलने का फैसला किया।"
शिकायत के अनुसार, यादव अपने एक साथी के साथ एक वाहन में आए और वे उसे जबरन डिफेंस कॉलोनी के पास एक फ्लैट में ले गए। इसमें कहा गया है, कि यादव ने शिकायतकर्ता को बताया, कि उसे खत्म करने के लिए एक "सुपारी" (कॉन्ट्रैक्ट) है, जो दुबई के एक व्यक्ति के कहने पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने दी है। उन्होंने दावा किया, कि यादव के साथी ने उसके सिर पर "मारपीट" की और उसे अपनी सोने की चेन और कुछ अंगूठियां देने के लिए मजबूर किया। उसने दावा किया, कि वे उसके द्वारा संचालित एक कैफे में भी गए और उसके आउटलेट से नकदी ली। उसने दावा किया कि अंत में उसे सड़क पर छोड़ दिया गया और अधिकारियों से संपर्क करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन, दिल्ली पुलिस ने विकास यादव और उनके साथी को हिरासत में ले लिया।
इस साल 13 मार्च को दिल्ली की एक अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, इन लोगों पर आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 120-बी (आपराधिक साजिश), 364ए (अपहरण), 506 (धमकी), 341 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 328 (जहर देना) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
चार्जशीट का हवाला देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "अपने खुलासे में विकास यादव ने पुलिस को बताया, कि उनके पिता सीमा सुरक्षा बल (BSF) में काम करते थे और 2007 में उनकी मृत्यु हो गई। यादव की शादी 2015 में हुई थी। वह (शिकायतकर्ता) से एक सामाजिक समारोह में मिले और उसका अपहरण करने के बाद पैसे कमाने का फैसला किया। उसका साथी, जो कार डीलर के रूप में काम करता है, उसने पुलिस को बताया, कि वह अपने व्यवसाय में वित्तीय घाटे का सामना कर रहा था और उसने उसकी (यादव की) योजना में शामिल होने का फैसला किया।"
दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में विकास यादव के व्यवसाय के बारे में कुछ भी बताया नहीं गया है। हालांकि, इसमें उनका जन्म स्थान प्राणपुरा, हरियाणा बताया गया है और ये वही जगह है, जिसका जिक्र अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट के दस्तावेजों में किया गया है।
तिहाड़ जेल के सूत्रों ने बताया, कि विकास यादव को 23 दिसंबर को सेंट्रल जेल नंबर 1 में रखा गया था।
उसे 22 मार्च को अंतरिम जमानत दी गई थी। पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने आदेश में लिखा, "यह यादव की ओर से उनकी एक वर्षीय बेटी की बीमारी के आधार पर अंतरिम जमानत देने के लिए दायर की गई जमानत याचिका है। आरोपी एक पूर्व सरकारी कर्मचारी है और उसका पिछला इतिहास साफ-सुथरा है। आवेदक/आरोपी के बारे में जांच पहले ही पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र पहले ही दाखिल किया जा चुका है।"
आदेश में कहा गया है, "राज्य की ओर से किसी गवाह को खतरे की कोई आशंका नहीं जताई गई है। मामले के तथ्यों और परिस्थितियों और प्रस्तुत किए गए तर्कों को ध्यान में रखते हुए, एक उदार दृष्टिकोण अपनाया गया है। यादव को 28 मार्च तक छह दिनों की अवधि के लिए अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाता है, जिसके लिए उन्हें 30,000 रुपये की जमानत राशि और एक जमानती पेश करना होगा।"
22 अप्रैल को यादव नियमित जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में कहा गया है, कि शुक्रवार को संपर्क किए जाने पर शिकायतकर्ता ने बताया, कि उसने पिछले साल 17 दिसंबर को विकास यादव और उनके साथी द्वारा अपहरण किए जाने के बाद पुलिस से संपर्क किया था। शिकायतकर्ता ने कहा, "उन्होंने मुझसे पैसे ऐंठ लिए... मैं अभी भी डरा हुआ हूं।"
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस रिपोर्ट पर विदेश मंत्रालय, दिल्ली पुलिस प्रवक्ता, विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) और दिल्ली पुलिस आयुक्त से टिप्पणी मांगी गई थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications