USA: आज ट्रंप दूसरी बार लेंगे राष्ट्रपति पद की शपथ, जानिए कितना अलग है भारत-अमेरिका के प्रेसिडेंट का Oath
USA President Oath Ceremony: 20 जनवरी 2025 का दिन अमेरिकी इतिहास में एक और महत्वपूर्ण पन्ना जोड़ने जा रहा है। इस दिन डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। यह उनके राजनीतिक जीवन का दूसरा कार्यकाल होगा।
ट्रंप पहली बार 2017 में अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे, लेकिन 2020 के चुनाव में उन्हें डेमोक्रेटिक नेता जो बाइडन से हार का सामना करना पड़ा था।

अब, दोबारा राष्ट्रपति बनने जा रहे ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह न केवल अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया के लिए खास है। इस ऐतिहासिक अवसर को अमेरिका में पारंपरिक रीति-रिवाजों और भव्य आयोजनों के साथ मनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: TikTok Ban: अमेरिका में टिकटॉक पर लगा 'ताला'! अब ट्रंप पर टिकी 17 करोड़ यूजर्स की निगाहें
अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ (USA President Oath)
अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ देश के संविधान के अनुच्छेद 2 के तहत ली जाती है। यह शपथ मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) द्वारा दिलाई जाती है। शपथ के 35 शब्द इस प्रकार होते हैं:
"I do solemnly swear (or affirm) that I will faithfully execute the Office of President of the United States, and will to the best of my ability, preserve, protect and defend the Constitution of the United States."
हिंदी में अमेरिका के राष्ट्रपति पद के शपथ का अर्थ
"मैं पूरी निष्ठा से शपथ लेता हूं (या पुष्टि करता हूं) कि मैं संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के पद का ईमानदारी से पालन करूंगा, और अपनी पूरी क्षमता से संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान की रक्षा, संरक्षण और बचाव करूंगा।"
1789 से ली जा रही ऐसे ही शपथ
1789 में अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन से लेकर अब तक सभी राष्ट्रपतियों ने यही शपथ ली है। यह परंपरा शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण का प्रतीक है। आमतौर पर राष्ट्रपति शपथ लेते समय पारंपरिक बाइबिल पर हाथ रखते हैं। यह प्रथा जॉर्ज वाशिंगटन से शुरू हुई थी, लेकिन यह अनिवार्य नहीं है। राष्ट्रपति अपनी आस्था या विश्वास के अनुसार अन्य विकल्प भी चुन सकते हैं।
भारतीय राष्ट्रपति की शपथ (Indian President Oath)
भारत में भी राष्ट्रपति बनने से पहले शपथ लेने का प्रावधान है। यह शपथ भारतीय संविधान के अनुच्छेद 60 के तहत ली जाती है। इसे मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice of India) द्वारा दिलाया जाता है। यदि मुख्य न्यायाधीश उपलब्ध न हों, तो सर्वोच्च न्यायालय का वरिष्ठतम न्यायाधीश यह शपथ दिलाता है।
भारतीय राष्ट्रपति की शपथ
"मैं, (राष्ट्रपति का नाम), ईश्वर की शपथ लेता/लेती हूं कि मैं श्रद्धापूर्वक भारत के राष्ट्रपति पद का कार्यपालन करूंगा/करूंगी तथा अपनी पूरी योग्यता से संविधान और विधि का परिरक्षण, सुरक्षा और प्रतिरक्षण करूंगा/करूंगी तथा मैं भारत की जनता की सेवा और कल्याण के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा/करूंगी।"
कहां होगा अमेरिका के राष्ट्रपति पद का शपथ ग्रहण समारोह
अमेरिका के राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह वाशिंगटन डीसी के कैपिटल हिल के सामने आयोजित होता है। यह हर चार साल में 20 जनवरी को आयोजित होता है, जिसे उद्घाटन दिवस (Inauguration Day) कहा जाता है।
इस बार डोनाल्ड ट्रंप भारतीय समय अनुसार रात 10:30 बजे राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण के बाद उद्घाटन लंच और पास-इन-रिव्यू समारोह होगा। परेड भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे (EST दोपहर 3 बजे) शुरू होगी।
40 साल में पहली बार होगा बड़ा बदलाव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शपथ ग्रहण समारोह खुले मैदान की बजाय संसद भवन (कैपिटल रोटुंडा) के अंदर आयोजित किया जाएगा। ऐसा 40 साल में पहली बार होगा। इससे पहले 1985 में राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के दूसरे कार्यकाल में भी ऐसा ही हुआ था। तब खराब मौसम के कारण समारोह को अंदर आयोजित किया गया था।
ट्रंप का राजनीतिक सफर
डोनाल्ड ट्रंप का यह शपथ ग्रहण उनकी राजनीतिक यात्रा का एक और बड़ा मुकाम है। ट्रंप के समर्थकों के लिए यह दिन जश्न का है, वहीं उनके आलोचक इसे नई नीतियों और प्रशासनिक बदलावों के रूप में देख रहे हैं। अमेरिका के लोकतंत्र में यह दिन सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण और नई उम्मीदों का प्रतीक माना जाता है।
ये भी पढ़ें: Donald Trump: अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण, अंबानी फेमिली समेत कई दिग्गज पहुंच रहे वर्जीनिया












Click it and Unblock the Notifications