काबुल में पाकिस्तानी दूतावास पर हमला, राजदूत की हत्या की कोशिश, बॉडीगार्ड को लगी गोलियां
हमले के वक्त दूतावास में मौजूद पाकिस्तान के कार्यवाहक राजदूत उबैद निजामनी सुरक्षित हैं। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने इस हमले की निंदा की है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तानी दूतावास पर शुक्रवार को आतंकियों ने हमला कर दिया। इस हमले में पाकिस्तानी दूतावास में तैनात एक सुरक्षा गार्ड घायल हुआ है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक हमले के वक्त दूतावास में मौजूद पाकिस्तान के कार्यवाहक राजदूत उबैद निजामनी सुरक्षित हैं। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने इस हमले की निंदा की है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

Image: @PakinAfg Twitter
तालिबानी अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह दावा किया गया कि दूतावास के पास मौजूद इमारत से फायरिंग की गई थी। हमले के बाद तालिबान के सुरक्षाकर्मियों ने दूतावास को घेर लिया है और आसपास के इलाकों की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी हमलावर को पकड़ा नहीं जा सका है। दूतावास पर हमले के कारणों का भी खुलासा नहीं हुआ है। काबुल दूतावास में पाकिस्तान के वर्तमान मिशन प्रमुख उबैदुर रहमान निज़ामनी हैं जिन्होंने 4 नवंबर को कार्यभार संभाला था।
शहबाज शरीफ ने की निंदा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को काबुल में पाकिस्तान के मिशन प्रमुख पर हमला करने की निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रमुख की जान बचाने की कोशिश में घायल हुए सुरक्षा गार्ड के भी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, "मैं पाकिस्तानी मिशन के प्रमुख पर काबुल में कायराना हमले की निंदा करता हूं। मैं उनकी जान बचाने के लिए गोली खाने वाले बहादुर सुरक्षा गार्ड को सलाम करता हूं। सुरक्षा गार्ड के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना है। मैं इस जघन्य कृत्य को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications