अमेरिका ने उत्तर कोरिया को दी धमकी, किम जोंग ने डोनाल्ड ट्रंप को बताया 'पागल'
न्यूयॉर्क। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मानसिक रुप से विक्षिप्त बताया। उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक किम ने ट्रंप को विक्षिप्त बताते हुए कहा कि अमेरिका को अपनी धमकी के लिए गंभीर नुकसान उठाने पड़ेंगे। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के मंच से उत्तर कोरिया को नेस्तानाबूत करने की धमकी दी थी।

उधर डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया पर और अधिक पाबंदी लगाने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि वह उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश पर जल्द ही साइन करेंगे। इस आदेश के बाद जो भी कंपनियां या देश उत्तर कोरिया से आर्थिक संबंध रखते है या उसकी मदद करते हैं उन कंपनियों और देशों की आर्थिक मदद रोकी जाएगी। बता दें कि उत्तर कोरिया पर इस आदेश से पहले भी संयुक्त राष्ट्र द्वारा कई प्रतिबंध लगाए जा चुके है।
इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में भाषण देने के दौरान उत्तर कोरिया को बर्बाद करने की धमकी दी थी। ट्रंप ने उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन का मजाक उड़ाते हुए राकेट मैन कहा था। ट्रंप ने कहा कि किम को नहीं पता कि वो आत्महत्या करने की राह पर चल रहा है। ट्रंप के इस बयान की उत्तर कोरिया ने 'कुत्ते के भौंकने' से की थी। बता दें कि उत्तर कोरिया द्वारा लगातार किए जा रहे परमाणु परीक्षणों से अमेरिका के साथ उसके रिश्तों में लंबे समय से तनाव बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications