CBSE 12th Pass Percentage में बड़ी गिरावट, ढाई लाख से ज्यादा स्टूडेंट फेल, ट्रांसजेंडर्स ने रचा इस बार इतिहास
CBSE 12th Result 2026 Pass Percentage: सीबीएससी 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है और इस बार के आंकड़ों ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों का ध्यान खींचा है। पिछले साल के मुकाबले कुल पास प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन देश के कई रीजन ने शानदार प्रदर्शन भी किया है।
लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर रिजल्ट दिया, जबकि ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा। इस साल परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या 17 लाख से ज्यादा रही। साथ ही स्कूलों और परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ी है। दिल्ली रीजन ने मजबूत प्रदर्शन किया, जबकि प्रयागराज और पटना जैसे क्षेत्रों का रिजल्ट कमजोर रहा। विदेशी स्कूलों का पास प्रतिशत भी पिछले साल के मुकाबले नीचे आया है।

CBSE 12th Result: कुल पास प्रतिशत में गिरावट
CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में कुल पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत दर्ज किया गया। पिछले साल यह आंकड़ा 88.39 प्रतिशत था। यानी इस बार रिजल्ट में 3.19 प्रतिशत की गिरावट आई है। इस साल कुल 17,80,365 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 17,68,968 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 15,07,109 छात्र पास हुए।
ये भी पढ़ें: CBSE 12th Result 2026: 12वीं का रिजल्ट आउट, DigiLocker और UMANG ऐप पर तुरंत चेक करें अपनी मार्कशीट
फरवरी से अप्रैल तक चली परीक्षा
CBSE 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक चली थीं। बोर्ड ने 13 मई 2026 को रिजल्ट जारी किया।
बढ़े स्कूल और परीक्षा केंद्र
इस बार बोर्ड परीक्षा में शामिल स्कूलों की संख्या भी बढ़ी। साल 2025 में जहां 19,299 स्कूल परीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा थे, वहीं 2026 में यह संख्या बढ़कर 19,967 पहुंच गई। परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ी है। पिछले साल 7,330 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस बार 7,573 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई।
Overall pass percentage for Class XII in 2026 stood at 85.20%, down by 3.19 percentage points from last year’s 88.39%.
— ANI (@ANI) May 13, 2026
A total of 17,80,365 students registered for the examination in 2026, of which 17,68,968 appeared and 15,07,109 passed. The examinations were conducted from… https://t.co/NfA5eJEKdL
त्रिवेंद्रम ने किया टॉप
रीजन वाइज रिजल्ट में त्रिवेंद्रम सबसे आगे रहा। यहां का पास प्रतिशत 95.62 प्रतिशत दर्ज किया गया।
टॉप प्रदर्शन वाले रीजन इस प्रकार रहे:
- त्रिवेंद्रम - 95.62%
- चेन्नई - 93.84%
- बेंगलुरु - 93.19%
- विजयवाड़ा - 92.77%
- दिल्ली वेस्ट - 92.34%
इन रीजन का प्रदर्शन रहा कमजोर
कुछ क्षेत्रों का रिजल्ट इस बार काफी नीचे रहा। प्रयागराज सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाला रीजन बना।
सबसे कम पास प्रतिशत वाले रीजन:
- प्रयागराज - 72.43%
- पटना - 74.45%
- नोएडा - 79.02%
- भोपाल - 79.43%
दिल्ली रीजन का कैसा रहा रिजल्ट
दिल्ली ईस्ट रीजन का पास प्रतिशत 91.73 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली वेस्ट का रिजल्ट 92.34 प्रतिशत रहा। दोनों को मिलाकर दिल्ली रीजन का कुल पास प्रतिशत 91.97 प्रतिशत रहा।
विदेशी स्कूलों का रिजल्ट भी गिरा
विदेशों में संचालित CBSE स्कूलों का रिजल्ट भी इस बार पिछले साल से कमजोर रहा। साल 2026 में विदेशी स्कूलों का पास प्रतिशत 90.50 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि 2025 में यह 95.01 प्रतिशत था।
लड़कियां फिर रहीं आगे
CBSE 12वीं परीक्षा 2026 में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। दोनों के बीच 6.73 प्रतिशत का अंतर रहा।वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा। यानी परीक्षा में शामिल सभी ट्रांसजेंडर छात्र सफल रहे।
ये भी पढ़ें: Sara Moin: न आंखें, न कान, न जुबां... फिर भी सारा मोइन ने रचा इतिहास, बनी ISC टॉपर, ICSE में भी गाड़ा था झंडा












Click it and Unblock the Notifications