इमरान खान की 'एक्टिंग' के आगे शाहरुख, सलमान भी 'फेल' हैं, PDM प्रमुख ने कसा तंज
मौलाना फजलुर रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने इमरान खान को 'ड्रामेबाज' बताया है।
पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान (Maulana Fazlur Rehman) ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के लॉन्ग मार्च को 'विफलता' करार दिया है। साथ ही उन्होंने इमरान खान(Imran Khan) की हत्या की कोशिश को पीटीआई (PTI) की तरफ से रचा गया 'नया नाटक' बताया। उन्होंने कहा कि एक्टिंग करने के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान और सलमान खान को पीछे छोड़ दिया है।

इमरान खान ड्रामेबाज हैं
पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान का इमरान खान पर की गई टिप्पणी पर बवाल मच गया है। मौलाना फजलुर रहमान ने कहा कि जब उन्हें पहली बार इमरान खान पर हमला होने की खबर मिली तो उन्हें काफी चिंता हुई और उन्होंने खान के लिए सहानुभूति प्रकट की। लेकिन बाद में उन्होंने महसूस किया कि इमरान खान तो ड्रामेबाज हैं, उन्होंने तो एक्टिंग के मामले में भारतीय फिल्म अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान को भी पछाड़ दिया है।

लॉन्ग मार्च के दौरान गोली लगी थी इमरान को
बता दें कि वजीराबाद में एक जनसभा के दौरान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई चीफ इमरान खान को पैर में एक शख्स ने गोली मार दी थी। गुरुवार को दाहिने पैर में गोली लगने से घायल खान को सफल सर्जरी के बाद रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब उन्हें लाहौर में एक निजी आवास में स्थानांतरित कर दिया गया है।

इमरान ने शहबाज सरकार पर निशाना साधा
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने हमले के लिए मौजूदा पीएम शहबाज शरीफ, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और आईएसआई के शीर्ष अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर को जिम्मेदार ठहराया है। मौलाना फजलुर रहमान ने कहा कि, शुरुआत में वजीराबाद प्रकरण के बारे में सुनकर मुझे इमरान खान से सहानुभूति हुई थी, लेकिन अब ऐसा लगता है कि यह एक नाटक था। उन्होंने कहा कि खान की चोटों को लेकर भ्रम अभी भी बनी हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि इमरान पर एक गोली चलाई गई या अधिक और चोट एक पैर में लगी या दोनों पर।

मार्च वहीं से शुरू होगी....
इमरान खान ने इस हमले के बाद घोषणा की कि राजधानी इस्लामाबाद की तरफ उनक लॉन्ग मार्च मंगलवार को वहीं से शुरू होगी, जहां उन पर हमले हुए थे। पाकिस्तान का मशहूर अखबार डॉन ने लाहौर में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान खान के हवाले से कहा, इमरान ने वहीं से मार्च शुरू करने की जिद पकड़ी है जहां उन पर और अन्य 11 लोगों पर हमले हुए थे। जहां मोअज्जम शहीद हुए थे।

इमरान ने कहा...
वहीं इमरान खान ने पीटीआई के सोशल मीडिया अकाउंट से कहा कि, वे लाहौर में रैली को संबोधित करेंगे और अगले 10 से 14 दिनों के भीतर रावलपिंडी पहुंचेंगे। पीटीआई प्रमुख ने कहा कि रावलपिंडी पहुंचने के बाद वह इसमें शामिल होंगे और खुद इसका नेतृत्व करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications