फिनलैंड की पीएम सना मरीन का ड्रग्स रिपोर्ट निगेटिव, पार्टी में डांस वीडियो वायरल होने पर मचा था बवाल
लीक हुए एक वीडियो में फिनलैंड की प्रधानमंत्री सना मरीन एक निजी पार्टी में दोस्तों के साथ नाचती और गाती नजर आ रही हैं, जिसके बाद देश में यह बहस शुरू हो गई
हेल्सिंकी, 23 अगस्त : फिनलैंड की प्रधानमंत्री अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रही थीं। इससे जुड़ा एक वीडिया वायरल हुआ जिसके बाद पीएम सना पर यह सवाल उठने लगे कि क्या पार्टी में अवैध पदार्थ का सेवन भी किया गया था। इसके बाद वे लगातार आलोचना का सामना कर रही थीं। इसके बाद उन्होंने ड्रग टेस्ट कराया, जिसमें वह निगेटिव पाई गईं।बता दें कि, दोस्तों के साथ पार्टी कर रहीं फिनलैंड की प्रधानमंत्री सना मरीन का एक हाउस पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसमें वे अपने दोस्तों के साथ जश्न मनाते नजर आई थीं। इसके बाद से पार्टी में ड्रग्स सेवन को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए थे।

फिनलैंड की पीएम ने की पार्टी, मच गया बवाल
पीएम की विशेष सलाहकार नलिडा वलीन ने, अल जजीरा को बताया कि, 'पीएम का कोकेन, कैनेबीज, ओपीओडिस समेत अन्य ड्रग्स को लेकर टेस्ट किया गया।' सोशल मीडिया पर वायरल हाउस पार्टी वीडियो ने सवाल उठाया कि क्या पार्टी में अवैध पदार्थ को शामिल किया गया था। इन आलोचनाओं और सवालों के बीच फिनलैंड की पीएम ने ड्रग्स टेस्ट करवाया। जिसमें ड्रग्स मिलने की पुष्टि नहीं हुई।

ड्रग्स टेस्ट हुआ
मारिन के कार्यालय ने एक बयान में कहा, "19 अगस्त 2022 को प्रधान मंत्री सना मारिन का ड्रग्स टेस्ट किया गया जिसमें मादक पदार्थों की उपस्थिति का खुलासा नहीं हुआ। पीएम मरीन ने इस लीक वीडियो फुटेज के बारे में कहा कि, वह अपने दोस्तों के साथ शाम बिताने के लिए पार्टी कर रही थी। वीडियो निजी परिसर में फिल्माए गए थे।

पीएम ने कहा पार्टी में उन्होंने शराब पी थी, ड्रग्स नहीं ली
मरीन ने इससे पहले शुक्रवार को कहा था, 'अटकलों को दूर करने के लिए मैंने आज ड्रग टेस्ट कराया है.' हालांकि उन्होंने यह बात स्वीकार की कि उन्होंने शराब पी थी. लेकिन ड्रग्स लेने की बात से इनकार किया था. उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी में मौजूद किसी अन्य शख्स ने भी ड्रग्स का सेवन नहीं किया. उन्होंने कहा, 'मैंने कभी जिंदगी में ड्रग्स नहीं ली है।' उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि उनकी प्राइवेट पार्टी में डांस करते हुए वीडियो को ऑनलाइन पोस्ट कर दिया गया, जो सिर्फ दोस्तों के लिए था।

लीक वीडियो में क्या है
लीक हुए एक वीडियो में फिनलैंड की प्रधानमंत्री सना मरीन एक निजी पार्टी में दोस्तों के साथ नाचती और गाती नजर आ रही हैं, जिसके बाद देश में यह बहस शुरू हो गई है कि सर्वोच्च पद पर बैठे शख्स के लिए ऐसा आचरण कितना सही है। मध्यमार्गी-वामपंथी 'सोशल डेमोक्रेटिक' पार्टी का नेतृत्व करने वाली मारिन को शाम की पार्टी के बारे में कई तरह के सवालों का सामना करना पड़ा. उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी में मादक पदार्थ थे? शराब थी? वह काम कर रही थीं या गर्मी की छुट्टी पर थीं? क्या प्रधानमंत्री इतने होश में थीं कि किसी आपात स्थिति से निपटने में वह सक्षम थीं? मारिन ने शुक्रवार को अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा था, "किसी भी तरह के संदेह को दूर करने के लिए मैंने टेस्ट कराया है। उन्होंने शराब पीने की बात स्वीकार की है, लेकिन उन्होंने कहा कि, पार्टी में उन्होंने और उपस्थित कोई भी व्यक्ति ने ड्रग्स का सेवन नहीं किया।
(Photo Credit: Social Media)












Click it and Unblock the Notifications