आज संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, इन प्रमुख मुद्दे पर रहेगी दुनिया की नजर
Donald Trump UNGA 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें उच्च स्तरीय सत्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल का यह पहला संबोधन होगा, जिसमें ट्रंप अमेरिकी ताकत और अपनी उपलब्धियों का बखान करेंगे।
इसके अलावा ट्रंप पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की समेत कई देशों के नेताओं से भी मिलेंगे। इन मुलाकातों पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय हालात और क्षेत्रीय संघर्षों के बीच अमेरिका की नीति को लेकर बड़े संकेत मिल सकते हैं।

किन-किन बातों पर चर्चा कर सकते हैं ट्रंप
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने प्रेस वार्ता में बताया कि ट्रंप एक लंबा संबोधन देंगे। इसमें वे अमेरिकी ताकत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेंगे और अपने दूसरे कार्यकाल के सिर्फ आठ महीनों में हासिल की गई ऐतिहासिक उपलब्धियों का जिक्र करेंगे, जिनमें सात वैश्विक युद्धों और संघर्षों का अंत भी शामिल है। यह संबोधन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शहबाज शरीफ से कर सकते हैं मुलाकात
यूएनजीए सत्र से इतर ट्रंप पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मिलेंगे। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक खास मानी जा रही है, क्योंकि बीते कुछ महीनों से अमेरिका-पाकिस्तान रिश्तों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। कूटनीतिक हलकों का मानना है कि इस मुलाकात में सुरक्षा, आतंकवाद और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
ये भी पढ़ें: PM Modi GST Bachat Utsav:'स्वदेशी से सजाओ, विदेशी को भगाओ', पीएम मोदी का इशारों-इशारों में Trump को करारा जवाब
अन्य वैश्विक नेताओं के साथ करेंगे बैठक
इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति की मुलाकात संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, अर्जेंटीना, यूक्रेन और यूरोपीय संघ के नेताओं से भी होगी। साथ ही एक बहुपक्षीय बैठक भी निर्धारित है जिसमें कतर, मिस्र, सऊदी अरब, इंडोनेशिया, तुर्की, यूएई, जॉर्डन और पाकिस्तान शामिल होंगे। यह बैठक पश्चिम एशिया और एशियाई क्षेत्रीय हालात पर चर्चा के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
जेलेंस्की से करेंगे मुलाकात
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की भी न्यूयॉर्क में ट्रंप से मुलाकात करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान जेलेंस्की रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग कर सकते हैं। यूक्रेन युद्ध और अमेरिका की भूमिका को लेकर यह मुलाकात काफी संवेदनशील मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: 'Trump ने समझ खो दी', हिंदू सेना का भारत-US तनाव के बीच टूटा दिल, समझें कैसे बने 'हीरो' से 'विलेन'?












Click it and Unblock the Notifications