बिहार में उद्योगों का विस्तार: सीमेंट से बिजली उत्पादन तक हजारों करोड़ का निवेश, हजारों रोजगार के अवसर

यह लेख BIADA के नेतृत्व में सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, इथेनॉल, बायोफ्यूल, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स में बिहार की प्रमुख औद्योगिक निवेश योजनाओं की रूपरेखा बताता है। यह रोजगार सृजन की क्षमता, परियोजनाओं की प्रगति और जिलों में औद्योगिक गतिविधि के प्रसार को उजागर करता है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास का संकेत देता है।

पटना, 25 नवंबर 2026। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए कई बड़े निवेश प्रस्तावों पर काम चल रहा है। सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, एथेनॉल, बायोफ्यूल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, स्वास्थ्य, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में देश की कई बड़ी कंपनियां निवेश कर रही हैं। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में औद्योगिक गतिविधियों का दायरा बढ़ने के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

Bihar Industrial Investment Sparks Jobs

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) के अनुसार, राज्य के अलग-अलग जिलों में कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजनाएं हैं। कुछ परियोजनाओं पर निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि कुछ में जमीन आवंटन के बाद निर्माण शुरू होना बाकी है। वहीं, कई इकाइयों में उत्पादन और अन्य गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।

बिहार सरकार के उद्योग विभाग के अंतर्गत काम करने वाला BIADA राज्य में औद्योगिक बुनियादी ढांचे के विकास और उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाता है। आइए जानते हैं कि राज्य में किन क्षेत्रों में कौन-कौन सी बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

बिहार में सीमेंट और विनिर्माण क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। नवादा जिले के वारसलीगंज औद्योगिक क्षेत्र में अंबुजा सीमेंट लिमिटेड की 1,400 करोड़ रुपये की सीमेंट ग्राइंडिंग परियोजना शामिल है। इससे करीब 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुजफ्फरपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र में अंबुजा कंक्रीट नॉर्थ प्राइवेट लिमिटेड की 900 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इससे लगभग 2,070 लोगों को रोजगार मिल सकता है। मधुबनी के लोहट फेज-2 में जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड की 400 करोड़ रुपये की परियोजना स्थापित की जानी है, जिससे 500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा, बांका के कटोरिया औद्योगिक क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट की 1,190 करोड़ रुपये की परियोजना और भागलपुर के औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी की 690 करोड़ रुपये की परियोजना भी शामिल है।

खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थ उद्योग में निवेश

खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थ उद्योग में भी बिहार को बड़े निवेश मिलने की संभावना है। बक्सर के नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में वरुण बेवरेजेज लिमिटेड की 474.83 करोड़ रुपये की परियोजना है। इससे 494 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

इसी क्षेत्र में एसएलएमजी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड की 1,169 करोड़ रुपये की परियोजना स्थापित की जानी है। इससे करीब 1,099 लोगों को रोजगार मिल सकता है।

पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में हल्दीराम स्नैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड की 244.28 करोड़ रुपये की परियोजना है। इसके तहत नमकीन, मिठाई और स्नैक्स का उत्पादन किया जाना है। इस इकाई से लगभग 500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

बेगूसराय के औद्योगिक विकास केंद्र में ईपीआईसी एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की 1,196.68 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इससे 1,100 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसी जिले में वरुण बेवरेजेज की 350 करोड़ रुपये की एक अन्य परियोजना भी शामिल है, जिससे 545 लोगों को रोजगार मिल सकता है।

खगड़िया के औद्योगिक विकास केंद्र में प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क प्राइवेट लिमिटेड की 637 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इसके तहत मक्का क्लस्टर, कृषि लॉजिस्टिक्स हब और स्टार्च उत्पादन से जुड़ी गतिविधियां शुरू की जानी हैं। इस परियोजना से करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

एथेनॉल और बायोफ्यूल उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

बिहार में एथेनॉल और बायोफ्यूल क्षेत्र में भी कई निवेश परियोजनाएं शामिल हैं। मुजफ्फरपुर के दमादरपुर औद्योगिक क्षेत्र में मुजफ्फरपुर बायो फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड की 224.66 करोड़ रुपये की एथेनॉल परियोजना है। इससे 145 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

बक्सर के नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में भारत प्लस एथेनॉल प्राइवेट LIMITEड की 335 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इसमें एथेनॉल उत्पादन के साथ पशु एवं पोल्ट्री आहार, पारबॉयल्ड चावल और रिफाइनरी के साथ सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। इससे लगभग 250 लोगों को रोजगार मिल सकता है।

इसके अलावा, बेगूसराय में न्यू वे होम प्राइवेट लिमिटेड की 100 करोड़ रुपये की एथेनॉल परियोजना और मुजफ्फरपुर के बरियारपुर में माइक्रोमैक्स बायो फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड की 243.32 करोड़ रुपये की परियोजना भी शामिल है।

बायोफ्यूल क्षेत्र में मधुबनी के लोहट फेज-1 में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 300 करोड़ रुपये की कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) परियोजना स्थापित की जानी है। इससे 200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं, पश्चिम चंपारण के कुमारबाग में वर्धन बिजनेस एसोसिएट्स की 110 करोड़ रुपये और भारत जीपीएस बायोएनर्जी की 125 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी निवेश

आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में भी बिहार में कई बड़ी परियोजनाओं पर काम प्रस्तावित है। पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में सीटीआरएलएस डेटा सेंटर लिमिटेड की 340 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है। इससे 766 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

बिहटा के सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में भारती एयरटेल लिमिटेड का 200 करोड़ रुपये का डेटा सेंटर स्थापित किया जाना है। इसी औद्योगिक क्षेत्र में एम्पेरा लाइफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की 5,600 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना भी प्रस्तावित है। इसके तहत चिप, एप्टामर आधारित बायोसेंसर और पिवट रीडर का उत्पादन किया जाना है। इस परियोजना से करीब 1,500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य क्षेत्र में पटना के कंकड़बाग स्थित लोहिया नगर हाउसिंग कॉलोनी में मेडिवर्सल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की 2,422.6 करोड़ रुपये की मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल परियोजना प्रस्तावित है।

ऊर्जा क्षेत्र में 28,225 करोड़ की थर्मल पावर परियोजना

ऊर्जा क्षेत्र में भागलपुर के पीरपैंती में अडाणी पावर लिमिटेड की 28,225 करोड़ रुपये की थर्मल पावर परियोजना शामिल है। परियोजना के निर्माण के पहले चरण में 8,100 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके चालू होने के बाद परिचालन के दौरान 2,300 लोगों को रोजगार मिल सकता है।

इसके अलावा, मुजफ्फरपुर के बरियारपुर में वोल्ट्स सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की 200 करोड़ रुपये की सोलर मॉड्यूल परियोजना भी प्रस्तावित है। इससे 552 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग में भी बढ़ रहा निवेश

लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग क्षेत्र में भी कई परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। वैशाली के ईपीआईपी में एसएलएमजी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड की 137.19 करोड़ रुपये की वेयरहाउस परियोजना शामिल है। इससे 400 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

भागलपुर में लॉगि पार्क भागलपुर प्राइवेट लिमिटेड की 191.51 करोड़ रुपये की लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग परियोजना पर काम चल रहा है। इससे 400 से 500 लोगों को रोजगार मिल सकता है। इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

बिहार के कई जिलों तक पहुंच रहा औद्योगिक निवेश

राज्य में औद्योगिक निवेश का विस्तार पटना, मुजफ्फरपुर, गया, नवादा, बक्सर, गोपालगंज, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, मधुबनी, समस्तीपुर, मुंगेर, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, बांका और पश्चिम चंपारण समेत कई जिलों तक हो रहा है।

इन परियोजनाओं का काम अलग-अलग चरणों में है। कुछ औद्योगिक इकाइयों में निर्माण शुरू हो चुका है, कुछ निर्माणाधीन हैं, जबकि कई परियोजनाओं में जमीन आवंटित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होना बाकी है। वहीं, कुछ इकाइयों में उत्पादन और अन्य गतिविधियां पहले से संचालित हो रही हैं।

सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, पेय पदार्थ, एथेनॉल, बायोफ्यूल, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इनके पूरा होने और संचालन शुरू होने के साथ राज्य में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+