करीब 1 महीने पहले अपनी मां को खोया, अब रिंग में देश का नाम रोशन करने उतरेंगी भारतीय फाइटर
भारतीय MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) फाइटर आरती खत्री जब अपनी अगली फाइट के लिए जिम में तैयारी कर रही थीं, तब उन पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। करीब एक महीने पहले उन्होंने अपनी मां को खो दिया और अब उन्हें इस शुक्रवार, 27 नवंबर को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में फाइट के लिए रिंग में उतरना है।
ONE Friday Fights 180 इवेंट की एटमवेट MMA फाइट में उनकी टक्कर जापान की नोरिका रयु से होगी। अब "द डेस्ट्रॉयर" चाहती हैं कि वह जीत के साथ अपनी मां को श्रद्धांजलि दें और साथ ही देश के लिए भी परचम लहराएं।

फाइट की तैयारी के दौरान मां का निधन
30 वर्षीय भारतीय फाइटर का करियर रिकॉर्ड 7-1 का है। वह अपने करियर की आठवीं जीत के लिए तैयारी कर रही थी, तभी उन्हें अपनी मां के निधन की खबर मिली, जो दिल का दौरा पड़ने की वजह से चल बसीं। उसके बाद से मैच की तैयारी करना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
उन्होंने इस बारे में बताया, "मुझे वहां (ONE में) जाकर फाइट करनी है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। मेरी मम्मी का निधन 25 दिन पहले हुआ है। यहां आकर सब कुछ करना और तैयारी करना काफी मुश्किल रहा। मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगी और अपने देश का तिरंगा फहराकर आऊंगी।"
ONE Championship में पहली जीत की तलाश में खत्री
दिल्ली के Amit Muay Thai जिम में ट्रेनिंग करने वाली खत्री संगठन में अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। उन्होंने पिछले साल डेब्यू किया, लेकिन करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। अब उनका प्रयास शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की ताकत दिखाने का सुनहरा मौका है।
खत्री ने अपने लक्ष्य के बारे में बताया, "अगर आप लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हो तो आपको कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है और इससे आपको कोई नहीं रोक सकता। मुझे ONE में अपना शानदार प्रदर्शन दिखाना होगा। यह करो या मरो वाली स्थिति है। मुझे अच्छा करके दिखाना होगा ताकि लोगों को पता चले कि इंडिया में भी योद्धा हैं।"


Click it and Unblock the Notifications
