बिहार में बाढ़ प्रबंधन की तैयारी तेज, नदियों से गाद हटाने के लिए ड्रेजर और बार्ज का होगा इस्तेमाल
बिहार के अधिकारी बाढ़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए ड्रेजिंग और गाद हटाने का काम कर रहे हैं। 2026 की एक नीति में तकनीकी अध्ययन, लक्षित ड्रेजिंग और सामग्री परिवहन के लिए बरौनी (barge) के उपयोग पर जोर दिया गया है, जिसमें समन्वित निष्पादन के लिए एजेंसियों की पहचान की गई है।
पटना, 25 नवंबर 2026। बिहार में बाढ़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नदियों से गाद हटाने (सिल्ट रिमूवल) और ड्रेजिंग की व्यवस्थित तैयारी की जा रही है। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को सिंचाई भवन स्थित जल संसाधन विभाग के सभागार में विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ बैठक हुई। बैठक में ड्रेजर और बार्ज के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने विषय की रूपरेखा प्रस्तुत की। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के निदेशक अरविन्द कुमार और ड्रेजर एवं बार्ज बनाने वाली 12 कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रबंधन के लिए ड्रेजिंग और बार्ज के इस्तेमाल से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार की नदियों के तल में गाद जमा होने और बालू के टीले (Shoals) बनने से नदियों के प्रवाह की दिशा और प्रकृति प्रभावित होती है। इससे तटबंधों, नदी तटों के संवेदनशील स्थानों और संबंधित संरचनाओं पर कटाव का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सिल्ट कहीं समस्या है, तो कहीं उपयोगी भी है। इस चुनौती के समाधान के लिए राज्य सरकार ने बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 बनाई है।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नदी के किस हिस्से से और कितनी मात्रा में सिल्ट हटाई जानी है, इसका निर्धारण जल संसाधन विभाग तकनीकी अध्ययन के आधार पर करेगा। उन्होंने विशेषज्ञ एजेंसियों से इस दिशा में प्रभावी और व्यावहारिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने की अपेक्षा की। साथ ही, ऐसे प्रयासों में विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में शामिल होगी ड्रेजिंग
विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में ड्रेजिंग और सिल्ट रिमूवल को व्यवस्थित रूप से शामिल किया जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षण और तकनीकी अध्ययन के जरिए उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां नदी की जल प्रवाह क्षमता बेहतर बनाने के लिए गाद हटाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि नदियों से निकाली गई सिल्ट के सुरक्षित परिवहन और निर्धारित स्थलों पर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
गाद के परिवहन और उपकरणों की आपूर्ति में उपयोगी होंगे बार्ज
सचिव ने कहा कि नदी में ड्रेजिंग के दौरान निकाली गई गाद के परिवहन के साथ-साथ विभिन्न कार्यस्थलों तक आवश्यक उपकरण और निर्माण सामग्री पहुंचाने में बार्ज (Barge) का इस्तेमाल महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ड्रेजिंग, सिल्ट रिमूवल और बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए सक्षम एवं विशेषज्ञ एजेंसियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करना है। इससे बाढ़ अवधि से पहले और बाढ़ के दौरान जरूरत के अनुसार उनकी सेवाएं ली जा सकेंगी।
एजेंसियों के चयन में आवश्यक मशीनरी और उपकरणों की उपलब्धता, उनके संचालन एवं रखरखाव (Operation and Maintenance) तथा आपात स्थिति में तेजी से काम पूरा करने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, परामर्शी रवीन्द्र शंकर, परामर्शी आई.सी. ठाकुर, अभियंता प्रमुख वरुण कुमार सहित जल संसाधन विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य नदियों में गाद के जमाव से जुड़ी समस्याओं का तकनीकी अध्ययन के आधार पर समाधान करना और बाढ़ प्रबंधन के कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।


Click it and Unblock the Notifications
