चीन के विदेश मंत्री बोले- हमारी वजह से साल 2019 में कम हुआ भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव
बीजिंग। चीन के विदेश मंत्री ने साल 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को कम करने का श्रेय अपने देश की कूटनीति को दिया है। विदेश मंत्री वांग वाई ने कहा है कि साल 2019 में भारत-पाक के बीच तनाव को कम करना चीन की कूटनीति का सबसे अहम पल साबित हुआ है। उन्होंने दावा किया है कि दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव को कम करके क्षेत्र में शांति और स्थिरता को कायम करने के लिए चीन ने मध्यस्थता की थी।

पुलवामा आतंकी हमले के बाद स्थिति का इशारा
चीनी विदेश मंत्री वांग वाई ने चीनी सरकार के अखबार पीपुल्स डेली को एक इंटरव्यू दिया है। इस इंटरव्यू में ही उन्होंने साल 2019 में चीन की कूटनीतिक सफलताओं का जिक्र किया है। चीनी विदेश मंत्रालय की तरफ से इस इंटरव्यू को रिलीज किया गया है। वांग ने कहा है, भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष के समय चीन ने दोनों पक्षों की तनाव को कम करने और बातचीत के जरिए मतभेदों को दूर करने के लिए जरूरी कोशिशों का समर्थन किया था।' वांग इस देश के काउंसलर भी हैं। वांग ने अपने बयान के जरिए इस वर्ष फरवरी में हुए पुलवामा आतंकी हमले के बाद पैदा तनाव की स्थिति की तरफ इशारा किया। पाक स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की तरफ से हुए इस आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। भारत की तरफ से हमले का जवाब देने के लिए 26 फरवरी को बालाकोट एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया गया। इसके अगले दिन यानी 27 फरवरी को पाकिस्तान एयरफोर्स के फाइटर जेट जम्मू कश्मीर के राजौरी में दाखिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications