India vs Pakistan: दीप्ति शर्मा ने बनाया तूफानी रिकॉर्ड, वर्ल्ड में ऐसा करने वाली सिर्फ दूसरी खिलाड़ी
India vs Pakistan: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पटल पर एक और बेहद स्वर्णिम और ऐतिहासिक अध्याय लिख दिया है। उन्होंने अपनी जादुई गेंदबाजी के दम पर एक ऐसा महारिकॉर्ड अपने नाम किया है जिसे आज तक दुनिया की गिनी-चुनी गेंदबाज ही छू सकी हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए बेहद हाई-वोल्टेज मुकाबले में मैदान पर उतरते ही दीप्ति शर्मा के नाम एक बहुत बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को मिलाकर 350 या उससे अधिक विकेट चटकाने वाली दुनिया की सिर्फ दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं।

दीप्ति शर्मा के नाम जादुई रिकॉर्ड
इस ऐतिहासिक मैच की शुरुआत से पहले दीप्ति शर्मा इस जादुई आंकड़े से महज एक कदम दूर थीं और उनके नाम 349 अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज थे। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने जैसे ही अपनी फिरकी का जादू बिखेरना शुरू किया वैसे ही विरोधी टीम के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
दीप्ति ने अपने शुरुआती दो ओवरों में बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ पांच रन खर्च किए और पाकिस्तान के दो महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा दी। इन दो शानदार विकटों के साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 350 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया। इस मामले में दीप्ति शर्मा से आगे हमवतन झूलन गोस्वामी का नाम शामिल है, उन्होंने 355 विकेटों का आंकड़ा अपने नाम किया था। जल्दी ही दीप्ति इस कीर्तिमान को भी पीछे छोड़ देंगी।
हरमनप्रीत ने तोड़ा मिताली का कीर्तिमान
इससे पहले हरमनप्रीत कौर ने अपनी धाकड़ बैटिंग के दम पर मिताली राज का एक कीर्तिमान तोड़ दिया। वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गईं। मिताली राज ने टी20 वर्ल्ड कप में 762 रनों का आंकड़ा हासिल किया था। हरमनप्रीत ने उनको पीछे छोड़ते हुए 762 रन बना डाले। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में हरमन के बल्ले से 36 रनों की शानदार पारी आई।
पाकिस्तान के खिलाफ अपनी परंपरा कायम रखते हुए टीम इंडिया ने जीत दर्ज की और इस वर्ल्ड कप का शानदार तरीके से आगाज किया। भारतीय टीम के लिए बैटिंग में स्मृति मंधाना ने बेहतरीन फिफ्टी जमाई, जिसके कारण भारत ने 170 का स्कोर बनाया, जिसे पाकिस्तानी टीम चेज नहीं कर पाई। दीप्ति शर्मा ने अकेले ही इस मुकाबले में 10 रन देकर 5 विकेट झटके, जो टी20 में उनका बेस्ट आंकड़ा है। उनको प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications