हैती में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या हुई 724, अब तूफान ग्रेस दस्तक देने को तैयार
हैती में आए विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 724 हो गई। भूकंप के बाद चलाए गए बचाव अभियान में कई लोग बिल्डिंगों के मलबे के नीचे दबे हुए मिले।
पोर्ट-औ-प्रिंस, 15 अगस्त। हैती में आए विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 724 हो गई। भूकंप के बाद चलाए गए बचाव अभियान में कई लोग बिल्डिंगों के मलबे के नीचे दबे हुए मिले। भूकंप ने कैरेबियाई राष्ट्र में सैकड़ों घरों और इमारतों को तबाह कर दिया। भूकंप का सबसे ज्यादा असर दक्षिण-पश्चिम हैती के लेस केयस शहर और उसके आसपास के क्षेत्र में हुआ। 7.2 तीव्रता का यह भूकंप घनी आबादी वाली पोर्ट-औ-प्रिंस के पश्चिम में लगभग 160 किलोमीटर दूर आया। 11 साल पहले साल 2010 में आये भूकंप में पोर्ट-औ-प्रिंस पूरी तरह तबाह हो चुका था।

देश के राष्ट्रपति की हत्या से अभी देश उबरा नहीं की इस विनाशकारी भूकंप ने हैती पर दोहरी मार की है। देश में गहराती गरीबी ने देशवासियों के हालात बद से बदतर कर दिये हैं। शनिवार को आए भूकंप से कई शहर पूरी तरह तबाह हो चुक हैं। रविवार को हैती के अधिकारियों ने कहा कि भूकंप से मरने वालों की संख्या 724 हो गई है और अभी बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि इस आपदा में चर्च, होटल, अस्पताल और स्कूल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हैती के प्रधान मंत्री एरियल हेनरी ने कहा, 'हमें आपातकाल के साथ बहुत अधिक एकजुटता दिखाने की जरूरत है।'
यह भी पढ़ें: वियतनाम के बाद बुरी तरह हारा सुपर पावर अमेरिका, अफगानिस्तान में 21 साल बाद तालिबान सरकार!
तूफान ग्रेस से और बेकाबू हो सकते हैं हालात
हैती एक के बाद एक आपदाओं का सामना कर रहा है। शनिवार को आए भूकंप के बाद अब देश में उष्णकटिबंधीय तूफान ग्रेस दस्तक देने को तैयार है। रिपोर्ट्स के अनुसार तूफान ग्रेस के कारण हैती में सोमवार को तेज बारिश हो सकती है। यूएर नेशनल हरिकेन सेंटर ने कहा कि इससे हैती में बाढ़ आने की भी संभावना है।
पोप फ्रांसिस ने किया देश को मदद पहुंचाने का आग्रह
पोप फ्रांसिस ने दुनियाभर के देशों से हैती को जल्द से जल्द मदद पहुंचाने का आग्रह किया है।
वहीं यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट की प्रशासक सामंथा पावर ने कहा कि अमेरिका ने हैती के लिए महत्वपूर्ण मदद भेजी है और विशेष उपकरणों के साथ 65 सदस्यीय बचाव दल को भी भेजा है। बता दें कि साल 2010 में भी हैती में इसी तरह का भूकंप आया था जिसमें हजारों लोगों की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications