Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

यूक्रेन से बचकर पोलैंड आए भारतीय किस हाल में हैं?- ग्राउंड रिपोर्ट

छात्रों को भारत वापस लाने के लिए खड़ा विमान
BBC
छात्रों को भारत वापस लाने के लिए खड़ा विमान

रूस और यूक्रेन के बीच बीते 13 दिनों से युद्ध जारी है. इसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है.

इस युद्ध की वजह से एक व्यापक मानवीय त्रासदी ने जन्म लिया है. संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी संस्था (यूएनएचसीआर) के मुताबिक़, सिर्फ़ 10 दिनों के अंदर ही 15 लाख लोग यूक्रेन छोड़ने पर मजबूर हुए हैं.

इसे दूसरे विश्व युद्ध के बाद से अब तक का सबसे तेज़ी से बढ़ता हुआ शरणार्थी संकट बताया जा रहा है. इनमें से सबसे ज़्यादा शरणार्थी पोलैंड पहुँचे हैं.

पोलैंड के सीमा सुरक्षा जवानों के मुताबिक़, 24 फ़रवरी से लेकर अब तक यहाँ 9 लाख 22 हज़ार 400 शरणार्थी पहुँचे हैं.

इन लाखों शरणार्थियों में हज़ारों भारतीय छात्र भी शामिल हैं. भारत सरकार यूक्रेन सीमा के साथ-साथ उसके सीमावर्ती क्षेत्रों से भारतीय छात्रों को निकालने की कोशिश कर रही है. रूस ने फिर युद्धविराम की घोषणा की है.

लेकिन अब तक यूक्रेन के अलग-अलग शहरों से सीमा तक का सफ़र तय करने वाले छात्रों के लिए यह सफ़र बेहद ख़तरनाक और अलहदा अनुभव रहा है.

बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्य और नेहा शर्मा ने यूक्रेन-पोलैंड बॉर्डर के पास बने सबसे बड़े राहत शिविर में एक रात और दिन बिताया. वहां स्टूडेन्ट्स, वॉलन्टीयर्स और सरकार के अधिकारियों से समझा कि ये रेस्क्यू मिशन कैसे चल रहा है.

सदमा, डर, उम्मीद और ख़ुशी के कई पलों में बंधी ये विशेष रिपोर्ट.

राहत शिविर में मौजूद छात्र और वॉलिंटियर
BBC
राहत शिविर में मौजूद छात्र और वॉलिंटियर

रात तीन बजे कैसे थे हालात

इस राहत शिविर में हमारी मुलाक़ात एक ऐसे छात्र से हुई जो यूक्रेन से किसी तरह भागकर पोलैंड पहुँचा है. लेकिन जंग कुछ ऐसे निशान छोड़ जाती है, ऐसे सदमे दे जाती है, जिससे आवाज़ तक खो जाती है.

इस छात्र की हालत भी कुछ ऐसी ही थी. राहत शिविर के वॉलन्टीयर्स इनसे बात करने की कोशिश कर रहे थे.

बीएपीएस से जुड़े वॉलिंटियर अमित पटेल बताते हैं, "उनका पूरा शरीर हिल रहा था और दो मिनट के लिए हमें ख़ुद आइडिया नहीं था कि हम क्या करें. पानी दिया, वह इस स्थिति में नहीं थे कि वह पानी पी सकें. वह सच में कांप रहे थे. हम काफ़ी डरे हुए थे. मैं और विराज़ मेडिकल टीम को बुलाने गए. उन्होंने कुछ टेस्ट किए. कम्यूनिकेशन ही नहीं हो रहा था तो पहला प्रयास ये था कि किसी तरह संवाद स्थापित हो. पेन हाथ में पकड़ाई, हाई फाइव किया, तब उन्होंने प्रतिक्रिया देना शुरू किया. जब उनको थोड़ा विश्वास आया तब उन्होंने बताया कि उन्हें सदमा लगा है."

अमित और उनके साथियों की ओर से किए गए काफ़ी प्रयास के बाद ये छात्र भारत में अपने घर का पता और फ़ोन नंबर लिखने की हालत में पहुंचे.

इसके बाद इनकी बात इनके भाई से कराई जाती है. इसके साथ ही इस छात्र को सदमे के साथ लंबी लड़ाई में छोटी ही सही लेकिन एक जीत मिली.

अमित कहते हैं, "हम लोग जब यहाँ से जाएंगे तो संतुष्टि मिलेगी… ये कल्पना से परे था कि क्या हो गया ये और कैसे"

खारकीएव से लौटे भारतीय छात्र
BBC
खारकीएव से लौटे भारतीय छात्र

सुबह के पाँच बजे कैसे थे हालात

सुबह होने को है और रात भर भारतीय छात्रों का आना जारी रहा है. वॉलिंटियर किसी न किसी तरह छात्रों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं.

पोलैंड के जेशुफ शहर में स्थित होटल के कॉन्फ्रेंस हॉल को रातोरात राहत शिविर में तब्दील कर दिया गया है. यहाँ ठंड में सोने के लिए गर्म कमरा है, ताज़ा खाना और साफ़ शौचालय उपलब्ध है.

जंग ख़तरों से भाग रहे हज़ारों छात्रों के लिए ये एक महफूज़ जगह जैसी है.

https://www.youtube.com/watch?v=iuGWsYnhavc

सुबह के दस बजे कैसे हैं हालात?

इस राहत शिविर में पौ फटते ही काम की गति काफ़ी बढ़ गई है. राहत शिविर में तब्दील हुए इस होटल की लंबी टेबल पर कई लोग लैपटॉप लेकर बैठे हुए हैं.

इस राहत शिविर को चलाने के लिए यूरोप के 11 देशों से वॉलन्टीयर आए हैं. यहाँ रहने का इंतज़ाम भारत सरकार की ओर से और खाने का ख़र्च ग़ैर-सरकारी संगठन उठा रहे हैं.

यहाँ घूमते हुए ऐसे तमाम चेहरे दिखे जिनके चेहरों पर घर जाने की उम्मीद में मुस्कराहट नज़र आई. लेकिन इन मुस्कुराते चेहरों के पीछे खौफ़नाक कहानियां छिपी हैं.

राहत शिविर में मौजूद छात्रा अश्विनी
BBC
राहत शिविर में मौजूद छात्रा अश्विनी

यहां पर मौजूद छात्रों से बात करते हुए एक शिकायत से बार-बार हमारा सामना हुआ.

राहत शिविर में मौजूद छात्रा अश्विनी कहती हैं, "हम सब बच्चे ख़ुद आए हैं. किसी ने हमारी मदद नहीं की. उन्होंने ये स्पष्ट रूप से बताया था जब हमने लिविव में पूछा था कि हम कैसे आएं, क्या होगा बॉर्डर पर. तो उन्होंने बोला कि मैं पता भेज रहा हूँ, इस पर आओ, बॉर्डर पार करो. बॉर्डर पर कोई हुआ तो ठीक है, वर्ना आपको ख़ुद आना है. बस पता दिया था. दूतावास यहाँ है. यहाँ हमें फ़्लाइट दी, यहाँ हमें सोने-रहने का इंतज़ाम किया, यहाँ सब किया. बॉर्डर तक कुछ भी नहीं, बॉर्डर तक दूतावास कहीं नहीं था और बॉर्डर तक ही तो ज़रूरत थी."

ये भी पढ़ें -

ओलेना ज़ेलेंस्का: यूक्रेनी राष्ट्रपति की पत्नी, जो पर्दे के पीछे निभा रहीं अहम किरदार

रूस-यूक्रेन जंग: नो-फ़्लाई ज़ोन क्या होता है, जिसकी मांग कर रहे हैं ज़ेलेंस्की

खारकीएव के बंकर में छिपे रहने वाले केरल के ये छात्र
BBC
खारकीएव के बंकर में छिपे रहने वाले केरल के ये छात्र

बंकर में छिपे रहे छात्रों की हालत

इस राहत शिविर में तमाम ऐसे छात्र भी पहुंचे हैं, जिन्होंने बमबारी से बचने के लिए बंकरों में शरण ली थी. केरल के ये स्टूडेन्ट्स ऐसे ही छात्रों में शामिल थे जो खारकीएव में हो रही बमबारी से बचने के लिए बंकर में छिपे थे.

खारकीएव के बंकर में छिपे ऐसे ही एक छात्र गोपी कृष्णनन बताते हैं, "हम पूरे सात दिन तक बंकर में थे. बहुत साल पहले बने ये बंकर धूल से भरे थे, हीटिंग का कोई ज़रिया नहीं था. बाहर बर्फ़ गिर रही थी और तापमान माइनस दो था."

ये छात्र बमबारी रुकने पर अपने बंकरों से बाहर आए लेकिन इसके बाद इनके लिए शहर से निकलना एक नई चुनौती थी.

खारकीएव के बंकर में छिपे रहे छात्र
BBC
खारकीएव के बंकर में छिपे रहे छात्र

खारकीएव से निकलने वाले गोपी कृष्णनन बताते हैं कि "हमारे सामने से पाँच ट्रेनें गुज़र गईं पर हम अंदर नहीं घुस सके. यूक्रेन वालों ने हमें अंदर नहीं घुसने दिया."

यहीं मौजूद शाहीन शरीफ़ बताते हैं, "रेलवे गार्ड हमें मार रहे थे. अगर कोई ट्रेन में घुसता तो वो उसे बाहर निकालकर मारते. जब हम रेलवे स्टेशन में थे तो बाहर मिसाइल चल रहीं थीं. ये बहुत डरावना था."

गोपी कृष्णनन कहते हैं, "हमें पीटीएसडी हो गया है. शोर सुनते हैं तो दिल की धड़कन बढ़ जाती है और सांस फूलने लगती है."

शरीफ़ कहते हैं, "बूम जैसी आवाज़ सुनकर हम सहम जाते हैं."

ये भी पढ़ें -

यूक्रेन पर रूस का हमला : सोशल मीडिया पर वायरल इन तस्वीरों का सच क्या है?

यूक्रेन: वो टिकटॉक स्टार, जिनके वीडियोज़ जमकर हो रहे हैं शेयर

19 साल के वेटनरी साइंस के स्टूडेन्ट बाला कुमार
BBC
19 साल के वेटनरी साइंस के स्टूडेन्ट बाला कुमार

19 साल के बाला कुमार ने की लंबी यात्रा

यूक्रेन के लिविव शहर से निकलने वाले 19 साल के वेटनरी साइंस के स्टूडेन्ट बाला कुमार एक बार लिविव से निकले तो चलते ही रहे.

उन्होंने पैदल, तीन अलग-अलग बॉर्डर से बाहर निकलने की कोशिश की. इसके बाद आख़िरकार वो यूक्रेनियन अधिकारियों की मदद से निकल पाए.

वह कहते हैं, "कुछ मीडिया और सोशल मीडिया उन्हें नस्लवादी बता रहे हैं. पर ये पूरा सच नहीं है. यूक्रेन के लोग अपना घर, अपना देश छोड़ कर जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं. पर हमारे पास उम्मीद है, हमारा देश भारत है, सुरक्षित घर है, जहाँ लोग हमारा इंतज़ार कर रहे हैं. हमें उनके और अपने बीच के अंतर को समझना चाहिए."

छात्रों को लेकर जाने वाली बस
BBC
छात्रों को लेकर जाने वाली बस

भारत का दावा है कि वो यूक्रेन और रूस दोनों सरकारों से बात करता रहा है, जिससे खुद ग्राउंड पर ना पहुँच पाए तो भी छात्रों को यूक्रेन और रूसी अधिकारियों की मदद मिल पाए.

शाम के चार बजे अचानक से यहाँ की आबो हवा बदल गई है. एक्साइटमेंट है, एनर्जी है, स्टूडेंट्स को उनके नाम से बुलाया जा रहे हैं ताकि वो अपना सामान पैक कर नीचे जाएँ जहाँ बसें उनका इंतज़ार कर रही हैं.

लाइन में खड़े ये स्टूडेन्ट्स आगे बढ़ने के लिए बेताब हैं. लेकिन पीछे बहुत कुछ छूट भी गया है. किसी की किताबें, किसी की कार और सभी की पढ़ाई. करियर के तय रास्ते को अब किस दिशा में मोड़ें?

वापस आना मुमकिन होगा? ऐसे और भी कई सवाल होंगे. पर आज, अभी, उनका वक़्त नहीं है. आज बस घर जाना है.

ये भी पढ़ें -

चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत के साथ रिश्ते सुधारने पर क्या बोले?

यूक्रेन से अकेले चला, 1,200 किमी दूर स्लोवाकिया पहुंचा यह बच्चा

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+