America में बाढ़ से तबाही के बीच हेलीकॉप्टर और ड्रोन से बचाव अभियान जारी, इतने लोगों की हो चुकी है मौत
America Flood Update: अमेरिका के टेक्सास राज्य के केर काउंटी में आई अचानक और विनाशकारी बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज़ बारिश और ग्वाडालूप नदी के उफान ने इतनी भीषण तबाही मचाई है कि अब तक 51 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सैकड़ों को रेस्क्यू ऑपरेशन के ज़रिए सुरक्षित निकाला गया है। सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि एक समर कैंप में भाग ले रहे कम से कम 27 बच्चे अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में राहत और बचाव दल युद्ध स्तर पर जुटे हैं।
इस त्रासदी पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना को भयानक और चौंकाने वाला बताया। उन्होंने इसे एक गंभीर मानवीय संकट करार देते हुए दुख जताया और प्रशासन से तत्काल राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील की।

बचाव अभियान में हेलीकॉप्टर और ड्रोन तैनात
AP की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल बेहद कठिन हालात में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं, और वे हर संभव स्थान पर लापता लोगों की खोज में जुटे हैं। अब तक पिछले 36 घंटों में 850 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, और समर कैंप में बच्चों को बचाने के लिए स्थानीय स्तर पर कई लोगों ने बहादुरी के साथ प्रयास किए। होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम भी मौके पर पहुंचीं और आश्वासन दिया कि ट्रंप प्रशासन सभी उपलब्ध संसाधनों को इस आपदा से निपटने के लिए लगाएगा। कोस्ट गार्ड के हेलीकॉप्टर और विमान भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, ताकि रात के अंधेरे में भी राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन बाधित न हों।
किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा होगा
AP की रिपोर्ट के मुताबिक, टेक्सास के केर काउंटी में आई भीषण बाढ़ ने पूरे इलाके को तबाही के मुहाने पर ला खड़ा किया है। सप्ताह के अंत में बारिश की सामान्य चेतावनी जारी थी, जो शुक्रवार रात तक 30,000 से अधिक लोगों के लिए फ्लड वॉच से फ्लड वार्निंग में तब्दील हो गई। लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन और निवासी इस कदर की तबाही की कल्पना भी नहीं कर सके। केर काउंटी के प्रमुख अधिकारी जज रॉब केली ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकारते हुए कहा, 'हमें मालूम था कि बारिश होगी, हमें पता था कि नदी का पानी बढ़ेगा... लेकिन इस तरह की तबाही की कोई उम्मीद नहीं थी। किसी ने यह आते नहीं देखा।
करीब 6-7 साल पहले काउंटी में बाढ़ चेतावनी प्रणाली स्थापित करने पर चर्चा जरूर हुई थी, लेकिन विचार लागत और संसाधनों के अभाव में धरातल पर नहीं उतर पाया, जज केली ने बताया। उन्होंने आगे कहा कि हेलीकॉप्टर से निरीक्षण के दौरान जमीन पर फैली तबाही और शवों से भरे बैग देखना उनके लिए बेहद हृदयविदारक अनुभव था। बचाव अभियान यथासंभव सफल रहा है, लेकिन अब असली चुनौती पुनर्वास की है।
ये भी पढ़ें क्या है Donald Trump का One Big Beautiful Bill? America से लेकर भारत तक मचा बवाल
ट्रंप बोले- यह भयानक है
वहीं शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक्सास में आई फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) को भयानक करार दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, यह भयानक है, बाढ़ की स्थिति चौंकाने वाली है। वहीं दूसरी ओर राहत और बचाव कार्य जारी है। रेस्क्यू टीमें नाव और हेलीकॉप्टर की मदद से लोगों को बचा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications