Donald Trump ने एक्स पर रोया दुखड़ा, 'मैंने भारत-पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाई, लेकिन फिर भी नोबेल नहीं मिलेगा'
Donald Trump News: अमेरिका के राष्ट्रपति ने पीएम नरेंद्र मोदी से हुई फोन पर बातचीत के बाद भी भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर निराशा जताई है। इसी पोस्ट में राष्ट्रपति ने दावा किया कि उन्होंने दो परमाणु शक्ति संपन्न देश भारत और पाकिस्तान के बीच शांति समझौता कराया है। पोस्ट में नोबेल पुरस्कार के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की उत्सुकता साफ नजर आ रही है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा है कि भले ही उन्हें पुरस्कार न मिले लेकिन पूरी दुनिया की जनता से सहयोग और समर्थन मिला है। उनके शांति प्रयासों की सराहना हो रही है।
Donald Trump ने नोबेल समिति पर अनदेखी का लगाया आरोप
डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने वैश्विक शांति के लिए अहम योगदान दिया है, लेकिन इसके बाद भी नोबेल समिति ने नजरअंदाज किया। ट्रंप ने लिखा, 'कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और रवांडा गणराज्य के बीच संधि, दुनिया के दो परमाणु संपन्न राष्ट्र भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने, सर्बिया और कोसोवो के बीच युद्ध रोकने, मिस्र और इथियोपिया के बीच शांति बनाए रखने और इजरायल और अरब देशों के बीच शांति समझौता (अब्राहम समझौता) कराया है। इन सबके बावजूद नोबेल समिति ने अनदेखी की है।'

यह भी पढ़ें: PAK का नया तमाशा! ट्रंप को Nobel के लिए किया नॉमिनेट, भारत-पाक संघर्ष की आड़ में खुद को बताया 'शांति दूत'
इसी पोस्ट में ट्रंप ने आगे लिखा कि नोबेल समिति ने भले ही अनदेखी की हो, लेकिन लोगों से उन्हें समर्थन मिला है। लोग उनके प्रयास जानते हैं और यही उनके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।
बराक ओबामा की लीग में शामिल होना चाहते हैं ट्रंप?
डोनाल्ड ट्रंप राजनीतिक जीवन में बराक ओबामा के धुर-विरोधी रहे हैं और वह अक्सर उन पर तल्ख टिप्पणियां करते नजर आते हैं। हालांकि, नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप जैसी बेचैनी दिखा रहे हैं उससे लगता है कि वह बराक ओबामा की लीग में शामिल होना चाहते हैं। बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ट्रंप खुद को वैश्विक शांति दूत के तौर पर पेश करने की मुहिम में जुटे हैं। यही वजह है कि भारत के आपत्ति दर्ज किए जाने के बाद भी वह सीजफायर कराने का दावा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी- फिलहाल खामेनेई को नहीं मारेंगे, अमेरिका को पता है वो कहां छिपे हैं












Click it and Unblock the Notifications