Ram Nath Thakur: कौन हैं रामनाथ ठाकुर, बिहार से होंगे अगले उपराष्ट्रपति? नड्डा से मुलाकात के बाद चर्चा में
Ram Nath Thakur: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि देश का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? राजनीतिक गलियारों में कई नामों पर चर्चा हो रही है, लेकिन इस बीच एक चौंकाने वाला नाम सामने आया है। ये नाम है बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर का।
रामनाथ ठाकुर का नाम उपराष्ट्रपति पद के संभावित दावेदारों में अचानक चर्चा में आया, जब उन्होंने हाल ही में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब बिहार में विधानसभा चुनाव करीब हैं। माना जा रहा है कि यह मुलाकात केवल शिष्टाचार नहीं थी, बल्कि इसके सियासी मायने भी हैं। हालांकि कुछ सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं की बातचीत राज्य में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर थी।

इससे पहले, जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच हुई मुलाकात को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन बीजेपी सूत्रों ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि यह एक नियमित बातचीत थी। सूत्रों ने यह भी बताया कि बीजेपी ने जेडीपी नेतृत्व से उपराष्ट्रपति पद के बारे में कोई बात नहीं की है।
कौन हैं रामनाथ ठाकुर?
रामनाथ ठाकुर जनता दल(यूनाइटेड)(JDU) के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यरत हैं। वे वर्ष 2005 में नीतीश कुमार सरकार में गन्ना मंत्री बने थे और 2010 तक राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। इस समय वह केंद्र सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री की भूमिका निभा रहे हैं। रामनाथ ठाकुर अपने साफ-सुथरे और संयमित राजनीतिक व्यवहार के लिए पहचाने जाते हैं।
ये भी पढ़ें: क्या उपराष्ट्रपति बनने वाले हैं राज्यसभा के उपसभापति Harivansh, अचानक राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद चर्चा तेज
बिहार की राजनीति में मजबूत नाम
बिहार में कर्पूरी ठाकुर की छवि आज भी बेहद सम्मानित मानी जाती है। ऐसे में उनके बेटे को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने से बीजेपी को NDA में मजबूती मिल सकती है। साथ ही इससे बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए को सामाजिक और राजनीतिक समीकरण साधने में भी मदद मिल सकती है।
दूसरे संभावित चेहरे भी चर्चा में
उपराष्ट्रपति पद को लेकर रामनाथ ठाकुर के अलावा कुछ अन्य नाम भी चर्चा में हैं। इनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम शामिल हैं। हालांकि अब तक किसी नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी शुरू, जल्द होगा ऐलान
PM मोदी इन दिनों 4 दिवसीय विदेश यात्रा पर हैं। उनकी वापसी के बाद नए उपराष्ट्रपति के चयन की प्रक्रिया तेज होगी। चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चुनाव की तारीख घोषित की जाएगी। नियमों के अनुसार, 19 सितंबर से पहले चुनाव कराना जरूरी है। तब तक राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सदन की कार्यवाही संभालेंगे। उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सांसद आनुपातिक प्रतिनिधित्व और एकल हस्तांतरणीय वोटिंग सिस्टम से करते हैं।
फिलहाल चर्चा और कयास जारी
उपराष्ट्रपति पद को लेकर फिलहाल राजनीतिक हलकों में केवल अटकलें और चर्चाएं चल रही हैं। लेकिन अगर रामनाथ ठाकुर को इस पद के लिए नामित किया जाता है, तो यह बिहार और जेडीयू के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में इस दिशा में और हलचल देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: Vice Presidential Elections 2025: कब होगा उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव? चुनाव आयोग ने दे दिया जवाब












Click it and Unblock the Notifications