राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने पोस्ट कर दिया एक विवादित बयान
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के मौके पर शनिवार को पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने 1984 के दंगों के बाद का उनका एक विवादित बयान ट्वीट कर दिया। हालांकि बाद में जब ट्वीट को लेकर विवाद उठा तो इसे हटा लिया गया।

दरअसल, इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के दंगों पर राजीव गांधी ने कहा था कि 'जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।' इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी और सियासी पारा भी गरमाया था।
ट्वीट को लेकर सियासत तेज
राज्य कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से किए गए ट्वीट पर बवाल मचा तो इसे हटा लिया गया। लेकिन सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारे तक इसे लेकर काफी उबाल मच चुका था। राजनीतिक दलों ने भी ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया।
विरोधी पार्टियों कांग्रेस को घेरा
बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने इस ट्वीट लेकर कहा कि कांग्रेस लोगों की भावनाओं से खेल रही है। वहीं, कांग्रेस ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि गलतियां सबसे होती हैं। 1984 के दंगों को लेकर बिना वजह राजनीति हो रही है। ट्वीट में गलतियां पीएम मोदी भी करते हैं।
बंगाल कांग्रेस ने दी सफाई
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने इस मामले में सफाई दी है उन्होंने कहा, 'ट्वीट बंगाल कांग्रेस ने नहीं किया. पार्टी का ट्विटर हैंडल हैक हो गया था.' उन्होंने कहा कि इस बारे में पुलिस से शिकायत की जाएगी.

राहुल गांधी के अलावा ये नेता भी पहुंचे वीरभूमि
बता दें कि शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 72वीं जयंती है। इस मौके पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वीरभूमि जाकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था और वह 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
PM मोदी ने भी किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजीव गांधी को उनकी जयंती पर याद किया. मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को उनकी जयंती पर याद करता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications