'वो मेरी रिकॉर्डिंग करना चाहते थे', विनेश फोगाट ने PM मोदी को लेकर ये क्या कहा, जिसपर मचा हंगामा
Vinesh Phogat: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में जुलाना से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट का कांग्रेस पार्टी ने अपने यूट्यूब चैनल (@IndianNationalCongress) पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में विनेश फोगाट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (BJP) से लेकर पहलवानों के विरोध प्रदर्शन और पेरिस ओलंपिक तक की बात कर रही हैं।
विनेश फोगाट के इस वीडियो पर जो थंबनेल लिखा गया है, उसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। भाजपा के आईटी सेल हेड अमित मालवीय ने भी इस वीडियो के कैप्शन पर आपत्ति जताई है और कांग्रेस, विनेश फोगाट की आलोचना की है। वहीं आम यूजर ने भी इसे शर्मनाक और घटिया राजनीति कहा है। हरियाण में 5 अक्टूबर को वोटिंग से पहले ये वीडियो विवादों में आ गया है। आइए जानें क्या है पूरा माजरा?

वीडियो के थंबनेल पर लिखा था- 'मेरे साथ पूरी रात...वो मेरी रिकॉर्डिंग करना चाहते थे'
वीडियो के थंबनेल पर लिखा था, ''मेरे साथ पूरी रात...वो मेरी रिकॉर्डिंग करना चाहते थे' मोदी का कॉल आया था, नीता अंबानी चाहती तों...'' विनेश ने कैमरे पर पहली बार बताई ये बातें!'' वीडियो का टाइटल लिखा है, ''अगर PM मोदी मुझे मिल जाएं तो...' विनेश फोगाट ने कैमरे पर पहली बार बताई पूरी कहानी।'' हालांकि विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने थंबनेल बदल दिया है। लेकिन तब तक इसका स्क्रीनशॉट वायरल हो गया था।
ये भी पढ़ें- 'पीएम ने मशीन पर पैर रखकर वजन बढ़ा दिया,' गलती को साजिश बताने पर भड़के योगेश्वर दत्त, विनेश फोगाट पर कसा तंज
वीडिया में PM मोदी को लेकर क्या बोल रही हैं विनेश फोगाट?
पेरिस ओलंपिक में डिस्क्वालिफाई होने का जिक्र करते हुए वीडियो में विनेश फोगाट कहती हैं, ''ये पूरा मामला होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी की टीम की ओर से मुझे कहा गया था कि वो मेरे साथ बात करना चाहते हैं। लेकिन मैं साफ-साफ कहा कि बात करना तो ठीक है, मैं बात करूंगी लेकिन और एथलीट के साथ जो वो रिकॉर्डिंग करते हैं, वो मेरे साथ ना करे। अगर उनको सच में सहानुभूति है तो वो सिर्फ बात करेंगे।''
विनेश फोगाट ने कहा, ''लेकिन उनकी (पीएम मोदी) टीम ने मुझे बोला कि आप रहोगे और उनके एक पर्सन रहेंगे, जो वीडियो-ऑडियो रिकॉर्ड करेंगे, आपके फोन नहीं रहेंगे आपके पास और वो सोशल मीडिया पर जाएगा। इसलिए मैं मना कर दिया।''
विनेश फोगाट ने कहा, ''लेकिन मैं ये बोलना चाहती हूं कि कल को जब भी मैं उनसे (पीएम मोदी) मिलूंगी, मेरा उनसे सवाल रहेगा कि जब हम दो साल तक सड़क पर बैठे तो आपने एक बार भी हमसे बात क्यों नहीं की? हमें आपसे बहुत ज्यादा उम्मीद थी।''
ये भी पढ़ें- हरियाणा चुनाव 2024 की चर्चित सीट जुलाना: विनेश फोगाट को MLA बना सकता है यह जातीय समीकरण
विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह को लेकर क्या कहा?
विनेश फोगाट कहती हैं, ''जो इंडिया के खास कोच थे, जो बृजभूषण के करीबी थी, वो ओलंपिक में गए हुए थे। सिल्वर मेडल तो हमारा कंफर्म था। बड़े देशों ने अपने खिलाड़ियों के लिए मेडल लिए हैं। अगर हम इतने पावरफुल थे तो हमने ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल के लिए भी फाइट क्यों नहीं किया। मैं एक पर्सन का नाम नहीं लूंगी....लेकिन उन्होंने साफ कह दिया था कि अगर आप पहले आ जाते तो कुछ हो सकता था।''
अमित मालवीय ने कांग्रेस से कहा- ये घटिया लाइन, विनेश फोगाट का अपमान है!
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) पर लिखा, '''मेरे साथ पूरी रात... वो मेरी रिकॉर्डिंग करना चाहते थे' यह घटिया लाइन कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर पोस्ट की गई है। यह निश्चित रूप से एक प्रसिद्ध एथलीट विनेश फोगाट का अपमान करता है, लेकिन यह महिलाओं के मामले में कांग्रेस की भ्रष्टता को भी दिखाता है। निश्चित रूप से, विनेश फोगाट ने विधानसभा टिकट के बदले में इस तरह के अपमान के लिए समझौता नहीं किया था। कांग्रेस ने उन्हें...''
अमित मालवीय ने आगे कहा, ''हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि 'क्या भाव चल रहा है मंडी में...' फेम सुप्रिया श्रीनेत कांग्रेस के सोशल मीडिया की प्रभारी हैं, जिन्होंने ये कहा था। लेकिन कांग्रेस से इससे बेहतर की क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसके नेता राहुल गांधी खुद को एक यूट्यूबर के रूप में ज्यादा पसंद करते हैं, एक राजनीतिक नेता के रूप में कम।''
ये भी पढ़ें- 'मजबूरियां यहां लेकर आती हैं', राजनीति के मैदान में अपनी पारी को लेकर खुलकर बोलीं विनेश फोगाट












Click it and Unblock the Notifications