UP News: आंधी से उजड़े परिवार के साथ खड़ी हुई योगी सरकार, प्रभारी मंत्री ने सौंपे राहत के चेक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने मई की रात आए चक्रवाती तूफान से घर क्षतिग्रस्त होने के बाद जमनिया कादिल गांव के एक परिवार को आपदा राहत प्रदान की। इस पैकेज में 4 लाख रुपये, आवास सहायता, खेत के पट्टे, पोषण किट, और बच्चों के लिए शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की पहल शामिल हैं।
मितौली तहसील के ग्राम जमुनिया कढ़ीले में 13 मई की रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। मकान की छत गिरने से उसके नीचे दबकर 40 वर्षीय रतिराम की मौत हो गई। हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल गुरुवार को गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

प्रभारी मंत्री ने पूर्व सांसद जुगुल किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की मौजूदगी में मृतक की पत्नी और बच्चों को चार लाख रुपये की दैवीय आपदा सहायता तथा 6500 रुपये गृह अनुदान का डेमो चेक सौंपा। साथ ही खाद्यान्न किट देकर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। गांव में मंत्री के पहुंचते ही माहौल भावुक हो गया। परिजनों की आंखें नम थीं और प्रशासनिक टीम राहत कार्यों में जुटी नजर आई।
बच्चों की पढ़ाई और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तत्काल संज्ञान लेने के बाद सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि परिवार को आर्थिक सहायता के साथ कृषि पट्टा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बच्चों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हर परिवार तक तेजी से राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
कई सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परिवार को दैवीय आपदा राहत मद से चार लाख रुपये, गृह अनुदान, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पारिवारिक लाभ योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत दोनों बच्चों का नामांकन कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से परिवार को कृषि पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय, एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, प्रभारी तहसीलदार दिनेश कुमार, बीडीओ मोहित कौशिक समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications