Twisha Sharma Case: गिरिबाला सिंह को CBI ने किया अरेस्ट, सामने आया Video
Twisha Sharma Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामला अब सीबीआई के पास है तो वहीं दूसरी ओर बुधवार को इसमें दो बड़े अपडेट सामने आए थे। पहला तो ये कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह की कस्टडी सीबीआई को सौंप दी गई थी तो वहीं उसकी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी गई थी, इसके बाद आज सुबह सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी और लगातार 6 घंटे लंबी पूछताछ के बाद अब उन्हें अरेस्ट कर लिया गया है।

कल न्यायमूर्ति देवनारायण मिश्रा की एकलपीठ ने कहा था कि 'ट्रायल कोर्ट ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, व्हाट्सएप चैट, गवाहों के बयान और केस डायरी जैसे महत्वपूर्ण तथ्यों पर पर्याप्त विचार नहीं किया गया है।' अदालत ने मृतका के शरीर पर मिली कई एंटीमॉर्टम चोटों के बारे में भी बोला था कि 'इसे इग्नोर नहीं किया जा सकता है।'
'गिरिबाला सिंह ने जांच में सहयोग नहीं किया', CBI का आरोप
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और सीबीआई ने आरोप लगाया कि गिरिबाला सिंह ने जांच में सहयोग नहीं किया और नोटिसों के बावजूद बयान देने से बचती रहीं। हाईकोर्ट के सामने सीसीटीवी फुटेज के चयनित हिस्से मीडिया में लीक होने का भी आरोप लगा। अदालत ने मामले को बेहद गंभीर और संवेदनशील बताते हुए कहा कि जांच अभी प्रारंभिक स्तर पर है और अग्रिम जमानत जैसी असाधारण राहत देते समय अधिक सावधानी की जरूरत थी लेकिन ऐसा हुआ नहीं, इसके बाद कोर्ट ने 15 मई 2026 को पारित अग्रिम जमानत आदेश को रद्द कर दिया।
बेल खारिज होने के बाद गिरिबाला सिंह का पहला वीडियो सामने आया
आपको बता दें कि बेल रद्द होने के बाद गिरिबाला सिंह का पहला वीडियो आज सुबह सामने आया था, जिसमें वो स्ट्रीट डॉग्स को कुछ खिला रही थीं। इस दौरान वो बेहद शांत और सहज दिख रही थीं।
इससे पहले बुधवार को सीबीआई ट्विशा के पति समर्थ सिंह को उसके घर ले गई, जहां तीन घंटे तक क्राइम सीन रिक्रिएट हुआ। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और 3D इमेज भी बनाई। सीबीआई ने घर का बारीकी से निरीक्षण किया, मालूम हो कि समर्थ सिंह 29 मई तक सीबीआई की हिरासत में हैं।

'समर्थ शांत दिखे, गिरिबाला बातचीत करती दिखीं'
समर्थ के कजिन स्वजन को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। आरोपी समर्थ सिंह की घर वापसी पर मां गिरिबाला सिंह से मुलाकात हुई थी। ट्विशा की मौत के बाद यह पहला मौका था जब दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई।

भोपाल में फंदे से लटकती हुई मिली थीं ट्विशा शर्मा
गौरतलब है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा को उनके ससुराल भोपाल में फंदे से लटकता हुआ पाया गया था, ट्विशा की फैमिली ने उसके ससुरालवालों पर दहेज प्रताड़ना और उसे आत्महत्या करने को उकसाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 5 महीने की शादी में ट्विशा को ससुराल वालों की ओर से काफी परेशान किया गया था और उन्होंने ही उसका जबरन गर्भपात भी करवाया। तो वहीं दूसरी ओर ट्विशा की सास और पति का कहना है कि ट्विशा को ड्रग्स लेने की आदत थी और वो मानसिक रूप से ठीक नहीं थी और इसी चक्कर में उसने खुद को खत्म किया है।












Click it and Unblock the Notifications