ममता बनर्जी कहती थीं राहुल गांधी को टारगेट करो? TMC नेता का पार्टी छोड़ने के बाद सनसनीखेज खुलासा
TMC Politics: गोवा में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के संयुक्त संयोजक समिल वोल्वोइकर ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हाई कमान की ओर से विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक (INDIA bloc) के नेताओं, खासकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे।
वोल्वोइकर ने कहा कि यह उनके सिद्धांतों के खिलाफ था, क्योंकि एकजुट विपक्ष ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराने का सही उपाय है।

TMC Politics: TMC में शामिल होने पर जताया अफसोस
समिल वोल्वोइकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने टीएमसी को एक बेहतर राजनीतिक विकल्प मानते हुए इसमें शामिल हुए थे। 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों में पार्टी को सफलता नहीं मिली थी, लेकिन फिर भी वे पार्टी के साथ बने रहे।
हालांकि, जब 2024 के लोकसभा चुनाव आए, तब उन्हें कुछ बातें असामान्य लगीं। उन्होंने बताया, 'पार्टी ने तब फैसला किया था कि वह किसी का समर्थन नहीं करेगी, लेकिन मैंने उत्तर गोवा और दक्षिण गोवा दोनों संसदीय क्षेत्रों में इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवारों का समर्थन किया।'
TMC News: INDIA Bloc को तोड़ने की कोशिश का आरोप
वोल्वोइकर ने कहा कि मौजूदा समय में विपक्ष का एकजुट होना बेहद जरूरी है, लेकिन तृणमूल खुद विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही थी। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा कि बीजेपी को हराने के लिए एक साझा मंच से काम करने की जरूरत है। मैंने पार्टी कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की कि हमारा असली एजेंडा बीजेपी को हराना होना चाहिए। लेकिन मैंने पाया कि टीएमसी खुद विपक्षी नेताओं को ही टारगेट कर रही थी, जो मेरी नैतिकता के खिलाफ था।'
उन्होंने आगे कहा कि हाल के दिनों में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूरी बना ली थी, क्योंकि पार्टी हाई कमान का आदेश था कि 'हमें विपक्षी नेताओं, खासकर राहुल गांधी की आलोचना करनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि तभी उन्हें लगा कि कुछ गलत हो रहा है और उन्होंने अपने शुभचिंतकों से सलाह-मशविरा किया। उन्हें सुझाव मिला कि ऐसे राजनीतिक संगठन में बने रहना सही नहीं है, जो केवल 'एंटी-बीजेपी वोटों को बांटने का काम कर रहा हो।'
टीएमसी में सर्वेसर्वा ममता बनर्जी हैं और अगर वह हाई कमान की बात कर रहे हैं तो स्वाभाविक तौर पर माना जा सकता है कि इशारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की ओर है।
TMC Mamata Banerjee: गोवा में TMC का असफल सफर
गौरतलब है कि 2022 में गोवा विधानसभा चुनावों में टीएमसी ने 40 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी। इसके बावजूद, वोल्वोइकर पार्टी में बने रहे, लेकिन अब उन्होंने पार्टी को अलविदा कह दिया है। उनका मानना है कि अगर विपक्ष को मजबूत बनाना है, तो सभी दलों को एक साथ आना होगा, ना कि एक-दूसरे को कमजोर करने की राजनीति करनी होगी।
TMC Rahul Gandhi: राजनीतिक संकेत और INDIA Bloc पर असर
वोल्वोइकर के आरोपों ने विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक की राजनीति को लेकर पहले ही चल रहे संदेह को और बढ़ा दिया है। अगर वाकई टीएमसी को विपक्षी नेताओं पर निशाना साधने के निर्देश मिले थे, तो यह इंडिया ब्लॉक के वजूद पर ही सवाल उठा रहा है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications