आदिवासी नेता लाल श्याम शाह: जिन्होंने जनता के मुद्दों पर तीन बार दिया लोकसभा और विधानसभा से इस्तीफा
नई दिल्ली। पत्रकार सुदीप ठाकुर ने आदिवासी नेता लाल श्याम शाह के जिंदगी पर किताब 'लाल श्याम शाह, एक आदिवासी की कहानी' लिखी है। किताब का विमोचन दिल्ली के प्रगति मैदान में छह जनवरी से शुरू हो रहे विश्व पुस्तक मेले में होगा। 1950-60 के दशक में दो बार विधायक और एक बार सांसद चुने गए आदिवासी नेता लाल श्याम शाह ने हर बार कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दिया, उनके पास इस्तीफा देने के लिए टेलीग्राम के पैसे भी नहीं थे। ये का किस्सा भी किताब में दिया गया है। किताब से उनके टेलीग्राफ से इस्तीफा भेजने का दिलचस्प किस्सा-

ऐसे समय में जब करोड़पति सांसदों, विधायकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, देश में एक ऐसा नेता भी हुआ, जिसे पैंतीस रुपये का टेलीग्राम करना महंगा लगता था। 1950-60 के दशक में दो बार विधायक और एक बार सांसद चुने गए आदिवासी नेता लाल श्याम शाह ने कभी अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया और आदिवासियों के मुद्दों पर बार-बार इस्तीफा दिया था। विधायक बनने के बाद शाह ने मध्य भारत में जंगलों की अवैध कटाई का मुद्दा लगातार उठाया और मुख्यमंत्री से लेकर राष्ट्रपति तक को टेलीग्राम कर इसकी शिकायत की. शिकायत अनसुनी रही और शाह ने इस्तीफा दे दिया।
विधानसभा अध्यक्ष को भेजे एक टेलीग्राम में शाह ने जिक्र किया कि किस तरह उन्होंने पहले पंद्रह रुपये खर्च कर वन मंत्री को टेलीग्राम भेजा और फिर बाद में पैंतीस रुपये खर्च कर मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति को टेलीग्राम भेजा था। इस अनोखे आदिवासी नेता का जन्म 1919 में छत्तीसगढ़ में हुआ था, जिनकी अगले वर्ष जन्म शताब्दी है। 1951 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में वह राजनांदगांव जिले की चौकी विधानसभा क्षेत्र से हार गए थे, लेकिन उनकी याचिका पर वहां दोबारा चुनाव कराने पड़े थे। स्वतंत्र भारत का यह दिलचस्प मामला है, जब इस विधानसभा सीट पर पांच साल के कार्यकाल के दौरान चार बार चुनाव कराने पड़े. शाह ने ये सारे चुनाव कांग्रेसी उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय की हैसियत से लड़े।












Click it and Unblock the Notifications