पारी शुरू हुए बिना श्रीलंका को मिले 10 रन, आखिर क्यों हुआ ऐसा? भारत को किस गलती की मिली सजा?
IND vs SL: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच मुकाबले में एक बेहद अजीब और दुर्लभ नजारा देखने को मिला है। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों की लापरवाही के कारण विरोधी टीम को बिना एक भी गेंद खेले दस रनों की बड़ी बढ़त मिल गई।
मैच के दौरान श्रीलंकाई टीम को पारी शुरू से पहले ही 10 रन देने का फैसला अंपायरों ने दिया। इसके लिए टीम इंडिया के दो खिलाड़ी जिम्मेदार हैं। दोनों ने लापरवाही की, जिसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ा है। अंपायरों ने चेतावनी भी जारी की थी।

अंपायरों ने दो बार लिया एक्शन
मैच के दौरान पिच के सुरक्षित हिस्से पर दौड़ने की वजह से अंपायर्स ने भारतीय टीम पर दो बार पांच पांच रनों का बड़ा जुर्माना लगाया है। इस कड़ी कार्रवाई की शुरुआत तब हुई जब अनुकूल रॉय ने सबसे पहले पिच के डेंजर एरिया पर दौड़ लगाई थी।
उनकी इस गलती पर ऑन फील्ड अंपायर्स ने भारतीय टीम को पहली और आखिरी चेतावनी देकर छोड़ दिया था। क्रिकेट नियमों के मुताबिक यह चेतावनी पूरी टीम पर लागू होती है इसलिए इसके बाद की गई हर गलती पर सीधे पेनल्टी लगना तय था।
इसके बाद विप्रज निगम ने फिर वही पुरानी गलती दोहरा दी। उन्होंने टीम को मिली आखिरी चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए दोबारा पिच के सुरक्षित हिस्से पर दौड़ लगा दी थी। अंपायर्स ने इस बार बिना कोई मौका दिए तुरंत श्रीलंकाई टीम के खाते में पांच पेनल्टी रन जोड़ दिए जो भारत के लिए बड़ा झटका था।
विप्रज निगम की लापरवाही
किस्सा यही खत्म नहीं हुआ क्योंकि सैंतीसवें ओवर में विप्रज निगम ने फिर से एक भयानक लापरवाही कर दी। एक रन लेने के चक्कर में जब उन्हें वापस लौटना पड़ा तो वह सीधे पिच के बीच से दौड़ पड़े। इस लगातार दूसरी बड़ी गलती के बाद अंपायर्स ने नियम के तहत फिर से पांच रनों का जुर्माना ठोक दिया था।
श्रीलंका की पारी हुई 10/0 से शुरू
इस पूरे क्लेश का नतीजा यह निकला कि श्रीलंका की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनका स्कोर बिना कोई गेंद खेले दस रन था। किसी भी ए टीम के मुकाबले में इस तरह की गलती बेहद शर्मनाक मानी जाती है क्योंकि सभी खिलाड़ियों को इस नियम की जानकारी शुरू से होती है। भारत ने पहले खेलते हुए 265 रनों का स्कोर बनाया।












Click it and Unblock the Notifications