पीएम मोदी तक पहुंची रोहिणी घावरी की पीड़ा, क्या अब सच में खतरे में पड़ गई चंद्रशेखर आजाद रावण की सांसदी?
Rohini Ghavari Chandra Shekhar Azad Case: भीम आर्मी चीफ और उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इंदौर की पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप लगाया है। यह पूरा मामला राष्ट्रीय महिला आयोग, दिल्ली पुलिस और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंच गया है।
रेप जैसे गंभीर अपराध के आरोपों के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या अब चंद्रशेखर आजाद रावण की लोकसभा सदस्यता रद्द हो जाएगी। रोहिणी के आरोपों पर चंद्रशेखर भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले कहा था कि यह महिला के आत्मसम्मान से जुड़ा मामला है, इसलिए वे अपना पक्ष केवल कोर्ट में ही रखेंगे।

यह भी पढ़ें- क्या सांसद चंद्रशेखर आजाद की मां जानती थीं सब कुछ? रोहिणी घावरी की नई पोस्ट ने मचा दिया हड़कंप
स्विट्जरलैंड से डॉ. रोहिणी घावरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा कि ''प्रधानमंत्री जी, मैंने भारत की बेटी होने के नाते विश्व पटल पर हमेशा अपने देश का सम्मान बढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन अब बात न्याय, आत्मसम्मान और स्वाभिमान की है। मैं चाहती हूं कि मेरे साथ न्याय हो। मैंने अपनी याचिका राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेज दी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।''

यह भी पढ़ें- क्या रोहिणी घावरी ने BJP से पैसे लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ खोला मोर्चा? खुद ने मांगा सबूत
उन्होंने आगे लिखा कि ''इस घटना ने मेरा जीवन बर्बाद कर दिया है। समाज के तथाकथित रखवाले एक महिला को अपमानित कर रहे हैं। लंबे समय तक भय, अवसाद और निराशा में रहने के बाद अब मुझमें लड़ने का साहस आया है। न्याय और सम्मान की यह लड़ाई लाखों-करोड़ों महिलाओं के आत्मसम्मान की लड़ाई है। आखिर यह कैसी व्यवस्था है, जहां एक महिला को अपमानित करने के लिए 'रखैल', 'वैश्या' जैसे शब्द कहे जाते हैं, लेकिन तथाकथित निर्दोष पुरुष के लिए कोई शब्द नहीं। प्रधानमंत्री जी, मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि मुझे न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। मैंने सभी संबंधित अधिकारियों को चार पन्नों की शिकायत भेजी है। मुझे अपने देश के कानून पर पूरा भरोसा है।''

दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी शिकायत
डॉ. रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी शिकायत भेजी है। इसमें कहा गया कि चंद्रशेखर आजाद रावण ने उनके साथ जबरन, बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाए। शादी का झूठा वादा किया। शारीरिक और मानसिक शोषण किया। विरोध करने पर जान से मारने और निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी जा रही है।
Chandrashekhar Azad Bhim Army Biography: चंद्रशेखर आजाद रावण कौन हैं?
उत्तर प्रदेश के बिजनौर की नगीना लोकसभा सीट से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण एक चर्चित दलित नेता हैं। वे भीम आर्मी के संस्थापक हैं। उनके पिता का नाम गोर्वधन दास है। चंद्रशेखर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के छुटमुलपुर गांव के रहने वाले हैं। चंद्रशेख्र आजाद शादीशुदा हैं। इनकी पत्नी का नाम वंदना है। बेटे का नाम युग है।

Rohini Ghavari Biography in Hindi: रोहिणी घावरी कौन हैं?
मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली डॉ. रोहिणी घावरी भी दलित समुदाय से आती हैं। वे दलित स्टूडेंट-ऐक्टिविस्ट और जनशक्ति कल्याण फाउंडेशन की संस्थापक हैं। उनके पिता शिव घावरी अस्पताल में सफाईकर्मी हैं। रोहिणी वर्तमान में जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में रह रही हैं।

रोहिणी घावरी-चंद्रशेखर आजाद का मामला क्या है?
डॉ. रोहिणी घावरी और चंद्रशेखर आजाद रावण के संबंध स्विट्जरलैंड से भी जुड़े हैं। रोहिणी ने मीडिया बातचीत और सोशल मीडिया पोस्ट में अपने रिश्ते पर खुलकर कई बार बयान दिया। रोहिणी के मुताबिक, उन्हें विदेश में पढ़ाई के लिए मध्य प्रदेश सरकार से स्कॉलरशिप मिली थी। साल 2020 में स्कॉलरशिप के सिलसिले में ही उनकी चंद्रशेखर आजाद से जान-पहचान हुई।

रोहिणी ने बताया कि वे बहुजन आंदोलन और चंद्रशेखर की पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय थीं। पीएचडी के लिए स्विट्जरलैंड जाने के बाद भी दोनों का रिश्ता बना रहा। रोहिणी का आरोप है कि जब भी वे स्विट्जरलैंड से भारत आती थीं, चंद्रशेखर उन्हें एयरपोर्ट लेने आते थे। फिर दिल्ली के होटलों और द्वारका स्थित आवास पर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

उनके अनुसार, चंद्रशेखर ने खुद को अविवाहित बताया था। साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें चंद्रशेखर के शादीशुदा होने की जानकारी मिली। पूछने पर चंद्रशेखर ने कहा कि वे रोहिणी से ही शादी करेंगे। यहां तक कि उनके रिश्ते की जानकारी चंद्रशेखर की मां को भी थी। रोहिणी ने यह दावा भी किया कि अगर चंद्रशेखर 2024 का लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद न बने होते, तो वे स्विट्जरलैंड में उनके साथ बस गए होते।

चंद्रशेखर आजाद रावण की लोकसभा सदस्यता का क्या होगा?
रोहिणी घावरी के आरोपों के बाद चंद्रशेखर की लोकसभा सदस्यता खतरे में नजर आ रही है। मेरठ में राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने उनकी सांसदी निरस्त करने की मांग की है।
उधर, रोहिणी अपनी पूरी लड़ाई ऑनलाइन लड़ रही हैं। वे इस वक्त भारत में नहीं हैं। स्विट्जरलैंड से ही राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों के बयान और एफआईआर के बाद यह मामला कोर्ट में जाएगा। चंद्रशेखर की सांसदी बची रहेगी या जाएगी। इस पर फैसला कोर्ट करेगा। इस पर अभी कोई टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।












Click it and Unblock the Notifications