संसद धक्का-मुक्की कांड: राहुल गांधी पर दर्ज मामले की जांच करेगी क्राइम ब्रांच, किन 6 धाराओं में FIR है दर्ज
Rahul Gandhi Case: संसद में परिसर में हुए धक्का-मुक्की मामले की जांच अब दिल्ली क्राइम ब्रांच करेगी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक संसद परिसर में हाथापाई के सिलसिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला अब क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। राहुल गांधी पर कुल 6 धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसकी जांच अब क्राइब ब्रांच करेगी।
संसद में आखिर हुआ क्या था? संसद में गुरुवार 19 दिसंबर को मकर द्वार पर विपक्षी इंडिया ब्लॉक और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के सांसद आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की हुई। जिसमें ओडिशा के बालासोर से भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत चोटिल हुए थे और उन्हें RML अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

प्रताप चंद्र सारंगी ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने एक अन्य सांसद को धक्का दिया था, जो आकर उनके ऊपर गिरे। सारंगी जब मीडिया के सामने आए थे, उनके सिर पर चोट लगी थी और खून निकल रहा था। अस्पताल के मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट के मुताबिक दोनों नेताओं को आईसीयू में रखा गया था। प्रताप सारंगी को ब्लीडिंग ज्यादा हुई थी, उन्हें टांके लगाने पड़े थे।
पुलिस ने राहुल गांधी पर भारतीय न्याय संहिता (BND) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 117 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने का कृत्य), 131 (आपराधिक बल का प्रयोग), 351 (आपराधिक धमकी) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है।
हालांकि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी के खिलाफ हत्या की कोशिश, धमकाने, धक्का देने के आरोप समेत BNS की 7 धाराओं में पुलिस को शिकायत दी थी। लेकिन पुलिस ने 6 धारओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने धारा- 109 (हत्या की कोशिश) की धारा नहीं लगाई है।

घायल BJP सांसदों का जल्द लिया जाएगा बयान
जल्द ही संसद परिसर के सीसीटीवी फुटेज जांच के लिए मांगा जाएगा। पुलिस घायल सांसदों प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत से अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद बयान दर्ज करेगी। पुलिस ने उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी अस्पताल से ली है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक राहुल गांधी से पूछताछ के लिए कोई पत्र नहीं भेजा है। कांग्रेस ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारी ने बताया कि दिग्विजय सिंह, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी समेत कांग्रेस सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई है।












Click it and Unblock the Notifications