Operation Sindoor Timeline: पाकिस्तान की फायरिंग से पुंछ में गई 13 की जान, सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
Operation Sindoor Timeline: 7 मई 2025 की रात भारत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आतंक के खिलाफ उसकी नीति अब "बर्दाश्त नहीं, सीधा जवाब" की हो चुकी है। भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंक के अड्डों को निशाना बनाया और उन्हें ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई न सिर्फ एक सैन्य कदम थी, बल्कि देश के वीर सैनिकों के बलिदान को न्याय दिलाने की दिशा में एक कड़ा संदेश भी था। खास बात यह रही कि इन हमलों में भारत ने न तो किसी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना बनाया, न ही नागरिकों को नुकसान पहुंचाया-यह एक सटीक, संतुलित और पूरी तरह जिम्मेदार कार्रवाई थी।

भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया कि अब आतंकी हमलों का जवाब सिर्फ कड़ी निंदा तक सीमित नहीं रहेगा। आतंकियों को जहां भी छुपाया जाएगा, उन्हें वहीं खोजकर सजा दी जाएगी। इस हमले ने आतंक के ठिकानों को हिलाकर रख दिया और साथ ही देशवासियों को यह विश्वास भी दिलाया कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
ये भी पढ़ें: भारत ने 13 देशों को बताया 'ऑपरेशन सिंदूर' का सच, क्या मस्जिद को बनाया निशाना? जानें किन-किन सवालों के दिए जवाब
पाकिस्तान की ओर से फायरिंग में 12 भारतियों की मौत
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार तड़के पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारी गोलाबारी की, जिसमें कम से कम 12 नागरिक और एक सैनिक मारे गए और 42 अन्य लोग घायल हो गए। इससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई और सीमावर्ती गांवों और बस्तियों से लोगों को निकालने में परेशानी हुई।
यह गोलाबारी भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले करने के कुछ घंटों बाद हुई। यह हमला दो सप्ताह पहले पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के जवाब में किया गया था।
सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
सरकार ने गुरुवार, 8 मई को सुबह 11 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ढांचे पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत सीमा पार से किए गए हमलों के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा उपायों में वृद्धि के बीच बुलाई गई है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से यह घोषणा की, जिसमें कहा गया कि बैठक नई दिल्ली में संसद परिसर के संसद पुस्तकालय भवन में समिति कक्ष जी-074 में आयोजित की जाएगी।
ऑपरेशन सिंदूर टाइमलाइन-
रात डेढ़ बजे के करीब हुए हमले
भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार (7 मई 2025) को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर निशाना साधा। कुल 9 जगहों पर हमला किया गया, जिनमें 4 पाकिस्तान और 5 पीओके में स्थित थीं। ये कार्रवाई रात 1:05 बजे से 1:30 बजे के बीच हुई।
सिर्फ आतंक के अड्डे निशाने पर
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से संतुलित, जिम्मेदार और सीमित थी। हमले सिर्फ उन ठिकानों पर किए गए जहां आतंकियों की मौजूदगी थी। सेना ने किसी सैन्य ठिकाने या आम लोगों को नुकसान नहीं पहुंचाया।
पाक का दावा: महिलाओं और बच्चों की मौत
भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने दावा किया कि इन हमलों में कई नागरिक, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, मारे गए हैं। हालांकि भारत ने साफ किया है कि सभी हमले सिर्फ आतंकी ठिकानों पर किए गए और पूरी सावधानी बरती गई।
पाकिस्तानी वायुसेना हाई अलर्ट पर
पाक सेना के प्रवक्ता ने कहा कि भारत ने ये हमले अपनी सीमा के भीतर से किए हैं और इसका जवाब "सही समय और स्थान पर" दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की वायुसेना अलर्ट पर है।
पंजाब में हाई अलर्ट, सभी कार्यक्रम रद्द
ऑपरेशन के बाद पंजाब के सीमावर्ती जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य के मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और लोग पूरी तरह से सेना के साथ खड़े हैं।
राजनीतिक दलों का समर्थन, एक सुर में तारीफ
देश के लगभग सभी राजनीतिक दलों ने भारतीय सेना की इस कार्रवाई की सराहना की। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने सेना को सलाम किया और कहा कि देश आतंक के खिलाफ एकजुट है।
संयुक्त राष्ट्र को दी गई जानकारी, पाक को बाहर रखा गया
भारत ने इस कार्रवाई के तुरंत बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 13 देशों को जानकारी दी। चीन भी इस बैठक में शामिल था, लेकिन पाकिस्तान और सिएरा लियोन को इसमें शामिल नहीं किया गया।
पाक की एनएससी की बैठक
पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NSC) ने भारत के हमले को "संप्रभुता का उल्लंघन" बताया और अपनी सेना को जवाबी कार्रवाई की छूट दे दी है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस बैठक की अध्यक्षता की।
54 साल बाद पाकिस्तान के पंजाब में हमला
ऑपरेशन सिंदूर के तहत जो चार हमले पाकिस्तान के अंदर हुए, उनमें से कुछ पंजाब प्रांत में थे। यह 1971 के बाद पहली बार है जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान के पंजाब इलाके में कोई कार्रवाई की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शांति की अपील की
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जताई और कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की।
बेंगलुरु में बने हथियारों से आतंक के अड्डे तबाह
इस ऑपरेशन में भारत ने जिन हथियारों का इस्तेमाल किया, वे 'लोइटरिंग म्यूनिशन' थे जो बेंगलुरु में बने हैं। इन हथियारों ने आतंक के ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
अमृतसर में ब्लैकआउट Drill शुरू
देशभर में सिविल डिफेंस ड्रिल के तहत अमृतसर में रात के समय ब्लैकआउट लागू किया गया ताकि लोगों को आपात स्थिति के लिए तैयार किया जा सके।
कुपवाड़ा में फिर गोलाबारी, कश्मीर में सन्नाटा
ऑपरेशन सिंदूर के अगले दिन गुरुवार को पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में गोलाबारी की। वहीं कश्मीर घाटी में हालात शांत लेकिन डर का माहौल बना हुआ है। कई स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और श्रीनगर एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
'आतंकी जहां भी होंगे, सजा पक्की'
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर यह संदेश देता है कि आतंकियों को अब कहीं भी छुपने की जगह नहीं मिलेगी। उन्हें उनके अपराधों की सजा जरूर मिलेगी।
'वीर विनय की शहादत का जवाब'
पहालगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नौसेना अधिकारी विनय नारवाल के परिवार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का नाम बहुत ही उपयुक्त है। यह उन शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है जो देश के लिए जान देते हैं।
ये भी पढ़ें: 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तान पर हो हमला, पिक्चर अभी बाकी है...देहरादून के लोगों ने कह दी बड़ी बात












Click it and Unblock the Notifications