भारत ने 13 देशों को बताया 'ऑपरेशन सिंदूर' का सच, क्या मस्जिद को बनाया निशाना? जानें किन-किन सवालों के दिए जवाब
Operation Sindoor Briefing: भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम की एक बड़ी सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें सिर्फ 25 मिनट के भीतर पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में मौजूद 9 आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस ऑपरेशन में 80 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए, जो जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों से जुड़े थे।
दरअसल, 22 अप्रैल 2025, में पहलगाम में हुए एक आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी, और यही इसका सीधा कारण बना। इस ऑपरेशन के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दिल्ली में 13 देशों के राजदूतों को बुलाकर पूरी जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि यह हमला किसी उकसावे की शुरुआत नहीं, बल्कि जवाब था। चलिए जानते हैं कि भारत ने क्या बताया और किन सवालों के जवाब दिए...

विदेश सचिव ने दी ब्रीफिंग
भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दिल्ली में 13 देशों के राजदूतों को बुलाकर ऑपरेशन सिंदूर पर ब्रीफिंग दी। इस दौरान चार अहम सवाल उठे, जिनके जवाब दिए गए:
1. पाकिस्तान से बदले की आशंका?
मिस्री ने साफ कहा, 'अगर पाकिस्तान कोई जवाबी कार्रवाई करता है, तो भारत भी पूरी ताकत से जवाब देगा।'
2. क्या भारत ने पहले हमला किया?
जवाब था - 'नहीं, ये किसी नई शुरुआत का हिस्सा नहीं है। ये जवाब था पहलगाम में मारे गए निर्दोष नागरिकों की हत्या का।'
3. किन-किन ठिकानों को निशाना बनाया गया?
भारत ने हवा, समुद्र और जमीन तीनों से हमले किए। सभी हमले आतंकियों के ठिकानों पर ही किए गए। कुल नौ जगहों को बेहद सटीकता से निशाना बनाया गया।
4. क्या मस्जिद को टारगेट किया गया?
ब्रिटेन ने यह सवाल पूछा। जवाब मिला - 'हमने उस जगह को निशाना बनाया, जहां आतंकी अड्डा था। वहां एक मस्जिद का हिस्सा भी था, लेकिन हमारा लक्ष्य केवल आतंक का अड्डा था।'
आतंकवाद की रीढ़ तोड़ने का मकसद
भारत ने बताया कि ये ऑपरेशन किसी भावनात्मक गुस्से में नहीं, बल्कि ठोस खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया था। इसका मकसद साफ था - 'आतंकवाद की रीढ़ तोड़नी है।'
पाकिस्तान का झूठा दावा
पाकिस्तान ने कहा कि भारत के हमलों में आम नागरिक मारे गए। भारत ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि सभी लक्ष्य बहुत सावधानी से चुने गए ताकि किसी नागरिक या आम ढांचे को नुकसान ना पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications